बिहार

आर्थिक अपराध ईकाई टीम ने ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता के चार ठिकानों पर की रेड

पटना- 16 मई। भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामलों पर आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के चार अलग-अलग ठिकानों पर शनिवार सुबह से छापेमारी कर रही है।

सत्यापन के बाद आर्थिक अपराध इकाई ने थाना कांड संख्या-08/26 दिनांक 15 मई 2026 दर्ज करते हुए अभियंता के चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है।

आर्थिक अपराध इकाई की ओर से दर्ज प्राथमिकी में गोपाल कुमार, कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य प्रमंडल, झाझा (जमुई) पर ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया गया है।

जांच के दौरान प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि उन्होंने अपनी वैध आय से लगभग 2 करोड़ 61 हजार रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की है। यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 81.5 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है।

इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत केस दर्ज किया गया है।

इसके बाद आर्थिक अपराध इकाई ने विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त कर कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में गठित अलग-अलग टीमों ने पटना और जमुई में एक साथ छापेमारी शुरू की। जिन ठिकानों पर कार्रवाई चल रही है, उनमें पटना के मजिस्ट्रेट कॉलोनी स्थित ज्योतिपुरम इलाके में जगत विला अपार्टमेंट का फ्लैट शामिल है।

इसके अलावा पूर्वी इंदिरा नगर रोड नंबर-4, कंकड़बाग स्थित आवास पर भी जांच टीम पहुंची।

जमुई जिले में केकेएम कॉलेज के समीप स्थित किराये के आवास और झाझा स्थित ग्रामीण कार्य प्रमंडल कार्यालय में भी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। आर्थिक अपराध इकाई की टीम संपत्ति, बैंक खाते, निवेश, जमीन से जुड़े कागजात और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।

तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड हाथ लगने की संभावना है। हालांकि ईओयू की ओर से अभी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद ही बरामदगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की विस्तृत सूचना सार्वजनिक की जाएगी।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button