
MADHUBANI:- बेनीपट्टी में निगरानी की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत की राशि साथ 2 गिरफ्तार
अतिक्रमण खाली कराने के नाम पर लिए जा रहे थे घुस, निगरानी की कार्रवाई होते ही सुनसान हुआ बेनीपट्टी अंचल परिसर
मधुबनी- 22 अप्रैल। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बुधवार को मधुबनी जिले के बेनीपट्टी अंचल में बड़ी कार्रवाई की। निगरानी विभाग ने दस हजार घुस के रकम के साथ अंचल के लिपिक साकेत कुमार और बिचौलिया धकजरी गांव के परमानंद झा को गिरफ्तार किया। निगरानी ने दोनों को पकड़ कर पटना ले गयी। निगरानी विभाग के डीएसपी समीर चंद्र झा ने बताया कि, अरेर थाना क्षेत्र के परजुआर दहिला गांव के रविन्द्र यादव ने अतिक्रमण खाली करने के एवज में घुस मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके आलोक में निगरानी विभाग ने शिकायत का सत्यापन कराया। बुधवार को अंचल परिसर में ही निगरानी विभाग के पदाधिकारियों ने जाल बिछाया।

शिकायतकर्ता रविन्द्र यादव ने बिचौलियों के माध्यम से जैसे ही घुस के रकम लिए। पूर्व से ही मुस्तैद निगरानी ने लिपिक और बिचौलिया को दबोच लिया। निगरानी की कार्रवाई होते ही प्रखंड सह अंचल में हड़कंप मच गया। अंचल के कई कर्मी कार्यालय छोड़ भाग खड़े हो गए। कार्रवाई के दौरान बेनीपट्टी अंचलाधिकारी का कार्यालय भी बंद था। निगरानी ने दोनों को केमिकलयुक्त पानी में हाथ डलवा कर जांच की। इस दौरान पानी का रंग बदलने से लेकर हाथ धुलाई की प्रक्रिया को कैमरे में कैद किया गया।
पीड़ित आवेदक रविन्द्र यादव ने बताया कि, उनके घर के आगे सरकारी जमीन को गांव के एक लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। जिसको खाली कराने के लिए तमाम प्रयास किये। पिछले माह में जिलाधिकारी के द्वारा भी जमीन को खाली कराने का आदेश दिया गया। जबकि, अंचल लिपिक साकेत कुमार पैसे की डिमांड कर रहा था। शुरुआती दौर में तीस हजार रुपये की डिमांड की। गरीबी का हवाला दिया तो पंद्रह हजार रुपये देने को कहा। जिसकी शिकायत निगरानी विभाग से की। जिसके बाद कार्रवाई हुई।
गौरतलब है कि निगरानी विभाग मधुबनी जिले में लगातार घुस के रकम के साथ पदाधिकारी और कर्मियों को दबोच रहा है। बावजूद, घूसखोरी कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। फिलहाल, निगरानी की कार्रवाई होने के बाद बेनीपट्टी अंचल व प्रखंड परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ है।



