
BIHAR:- मधुबनी के सभी सरकारी स्कुलों में दो शिफ्ट में होगी पढ़ाई, डीएम ने जारी किया आदेश
मधुबनी- 21 अप्रैल। शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के लिए बिहार के मधुबनी जिले में दो पाली में विद्यालय संचालन का निर्णय जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देशानुसार जिले के सभी मध्य विद्यालय एवं उत्क्रमित उच्च माध्यमिक-उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में व्यापक सुधार लाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी ने अपने आदेश में कहा है कि छात्र-शिक्षक अनुपात में असंतुलन एवं संसाधनों की सीमित उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों का संचालन अब दो पाली (शिफ्ट) में किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि कई विद्यालयों में छात्रों की संख्या अधिक होने के कारण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रभावित हो रही थी। इस समस्या के समाधान के लिए यह व्यवस्था लागू की जा रही है, जिससे प्रत्येक छात्र को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं सुविधाएं मिल सकें। नये समय-सारणी (शिफ्ट सिस्टम) प्रथम पाली (कक्षा 01-08) प्रातः 06ः30 बजे से 11ः30 बजे तक द्वितीय पाली (कक्षा 09-12) अपराह्न 12ः00 बजे से 05ः00 बजे तक पूर्वाह्न 11ः30 बजे से 12ः00 बजे के बीच विद्यालय परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि द्वितीय पाली के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए। प्रमुख निर्देश 21 अप्रैल 2026 को जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा सभी संबंधित विद्यालय प्रधानों के साथ बैठक आयोजित कर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। 22 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक विद्यालयों में शिक्षक-पालक बैठक आयोजित कर नई व्यवस्था की जानकारी साझा की जाएगी।
25 अप्रैल 2026 को विद्यालय शिक्षा समिति की बैठक में इस व्यवस्था को अनुमोदित कर हस्ताक्षरित प्रस्ताव विभाग को भेजा जाएगा। 27 अप्रैल 2026 से सभी चिन्हित विद्यालयों में दो पाली प्रणाली लागू कर दी जाएगी। साथ ही, बिहार सरकार के सेवा वर्गीकरण नियमावली-2005 के तहत विद्यालयों में आवश्यकतानुसार शिक्षकों की उपस्थिति एवं कार्य आवंटन सुनिश्चित किया जाएगा। आदेश के अनुपालन में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।



