
MADHUBANI:- नगर निगम की सक्रियता से अतिक्रमण मुक्त हो सकता मधुबनी शहर का तिलक चौक तालाब
“लक्ष्य तक की ‘पारंपरिक जल स्रोत से जल संरक्षण की सफर’ अभियान की शुरुआत
— नगर निगम क्षेत्र की तालाबों, सरोवर, कुआं की दशा को लेकर ‘लक्ष्य तक’ ने ‘पारंपरिक जल स्रोत से जल संरक्षण की सफर’ अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत प्रथम चरण में नगर निगम क्षेत्र की एक तालाब की प्रतिदिन पड़ताल होगी। उम्मीद है कि जल संरक्षण के दिशा में यह अभियान शासन-प्रशासन और आम लोगों के बीच की सार्थक कड़ी साबित होगी। ‘पारंपरिक जलस्त्रोत से जल संरक्षण की सफर’ अभियान की शुरुआत नगर निगम क्षेत्र के तिलक चौक तालाब से की जा रही है। अभियान को लेकर निगम क्षेत्र की तालाब संबंधी जानकारी हमें वाटसएप नंबर 9473084100 पर उपलब्ध कराई जा सकती है। जिसे ‘लक्ष्य तक’ पर जगह दी जा सकती है।
मधुबनी- 21 अप्रैल। दशकों तक पवित्र जल से लोगों को प्रतिदिन शीतलता प्रदान करने वाला शहर के बीचोबीच तिलक चौक तालाब अतिक्रमण के चपेट में इस तालाब में गंदगी फेंकने व नाले की दूषित पानी बहाए जाने से धीरे-धीरे तालाब का पानी दूषित हो गया है। जिससे तालाब में मछली उत्पादन घाटा का सौदा साबित होता रहा है। रहिका अंचल की सैरात सूची में शामिल खेसरा 287 रकवा एक एकड़ 25 डिसमल वाली तिलक चौक तालाब की साल दर साल बंदोबस्त होने के बाद भी तालाब के भिंडा की बेशकीमती जमीन पर स्थानीय कई लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। इसके अलावा भू-माफियाओं की नजर भी वर्षों से बनी रही है। गंदगी व दूषित जल के कारण गर्मी के दिनों में इसकी बदबू मच्छर के प्रकोप को बढ़ावा दे रहा है।
तिलक चौक तालाब की बदहाली अभिशाप साबित हो रहा है। बता दें कि तिलक चौक तालाब के जीर्णोद्धार को लेकर समय-समय शहर के लोगों व कई संगठनों द्वारा जिला व नगर निगम प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया जाता रहा है। लेकिन प्रशासन की ओर से समुचित कार्रवाई नहीं होने के चलते तालाब अतिक्रमण मुक्त नहीं हो सका।तालाब की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने के दिशा में निरंतर आवाज उठाई जाती रही है। लेकिन प्रशासन की उदासीनता सामने आते रहे हैं। तिलक चौक तालाब को अतिक्रमण से मुक्त कराने के साथ-साथ तालाब में गंदगी फेंकने पर रोक लगाने की जरूरत है। जलाशयों के संरक्षण के लिए समाज का एक तबका निरंतर जागरुक रहा है। लेकिन शासन-प्रशासन की उदासीनता के कारण निगम क्षेत्र की तिलक चौक सहित 32 तालाबों की स्थिति मरनासन्न हो गई है। इस तालाब को अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई जरूरी है।
तिलक चौक तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराकर यहां सौंदर्यीकरण की योजना पर कार्य शुरू कर देना चाहिए। बदहाल तिलक चौक तालाब सहित अनेकों पोखर में मछली, मखाना उत्पादन ठप हो गया है। तालाब अतिक्रमण मुक्त होने का लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा।



