
एलआईबी का मुख्य उद्देश्य बिहार को 2047 तक विकसित राज्य की श्रेणी में लाना: विकास वैभव
मधुबनी- 15 मार्च। लेट्स इंस्पायर बिहार (एलआईबी) के संस्थापक व राज्य योजना बोर्ड के सलाहकार विकास वैभव ने कहा कि एलआईबी का मुख्य उद्देश्य बिहार को 2047 तक विकसित राज्य की श्रेणी में लाकर खड़ा करना है। एलआईबी के अभियान से अब तक 3.50 लाख लोग जुड़ चूके हैं। बिहार के 16 जिलों में 30 निशुल्क शिक्षा केंद्र की स्थापना की गई है। कई स्टार्टअप केंद्र की भी स्थापना की गई है। वे रविवार को रहिका में एक संवाद कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मधुबनी पहुंचे थे। जिला अतिथिगृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि विकसित बिहार विकसित भारत की कल्पना को साकर करना है।
मिथिला का दर्शन काफी समृद्ध है, हमारा अतीत सामाजिक, शैक्षिणिक, सांस्कृतिक, युद्ध कौशल, राजनीति और धर्म में समृद्ध और सर्वोच्च रहा। बिहार के कारण भारत को विश्वगुरु की उपाधि मिली, लेकिन आज हम जाति और धर्म के आधार पर बंटकर अपनी साझा विरासत खो रहे हैं। बिहार का सर्वांगीण विकास जाति और धर्म के आधार पर नहीं हो सकता। यह विकास हमारी पुरातन संस्कृति के अनुरूप होना चाहिए। चाणक्य ब्राह्मण थे, लेकिन उन्हें राजा बनाने की बारी आयी तो उन्होंने पिछड़े वर्ग से आने वाले चंद्रगुप्त को चुना।
उन्होंने बिहार में उद्योग-धंधे बढ़ाने और युवाओं को रोजगार देने पर जोर देते हुए कहा कि दुनिया भर के बिहारी उद्यमियों से संपर्क कर उन्हें बिहार में निवेश और उद्योग लगाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने बिहार के भविष्य, युवाओं की भूमिका और रोजगार के नए मॉडल की चर्चा करते हुए कहा कि केवल सरकारी नौकरी की चाहत रखने से बिहार आगे नहीं बढ़ सकता। जब तक बिहार का युवा उद्यमी नहीं बनेगा, तब तक राज्य का समग्र विकास संभव नहीं है। हमें नौकरी मांगने वाला नहीं, नौकरी देने वाला समाज बनाना होगा। युवाओं में उद्यमिता की सोच विकसित होती है और वे स्टार्टअप, छोटे उद्योग, कृषि आधारित व्यवसाय और नवाचार की ओर बढ़ते हैं, तो बिहार का भविष्य न केवल सुरक्षित बल्कि अत्यंत उज्ज्वल होगा। लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के माध्यम से लगातार शिक्षा, सामाजिक समता और उद्यमिता के क्षेत्र में युवाओं को मार्गदर्शन दे रहे हैं, ताकि बिहार की नई पीढ़ी आत्मनिर्भर, जागरूक और नेतृत्व करने वाली बने। बिहार काफी समृद्ध और शक्तिशाली राज्य रहा है। कई संतों का सानिध्य इस राज्य को मिला है।



