
जवाद चक्रवात ने कोलकाता शहर को किया पानी-पानी
कोलकाता-06 दिसंबर। जवाद चक्रवात के प्रभाव से पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता और आसपास के इलाके में रविवार शाम से ही भारी बारिश हो रही है। महानगर के अधिकाशं इलाके की सड़कें नहर और तालाब बन गई हैं। कोलकाता के इलाकों में 40 से 60 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। चक्रवात के उड़ीशा की ओर मुड़ जाने से यहां खतरा कम हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार आज पूरे दिन और मंगलवार को भी भारी बारिश होगी।
सोमवार सुबह को उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम कोलकाता के साथ-साथ हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम आदि इलाके में लगातार बारिश हो रही है। भारी बारिश से महानगर की अधिकतर सड़कें जलमग्न हो गई हैं। कोलकाता ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि बड़ा बाजार, सेंट्रल एवेन्यू, खिदिरपुर, दमदम, कांकुड़गाछी, फूलबागान के बाजारों में घुटनों तक पानी भरा है, जबकि सड़कों पर छोटी गाड़ियों की आवाजाही लगभग बाधित है। कई इलाकों में घरों के सामने भी घुटनों तक पानी भरा है और लगातार बारिश की वजह से नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था भी लगभग फेल हो रही। कांकुड़गाछी अंडरपास में करीब तीन फीट पानी भरा है, जिससे बसों की आवाजाही भी बाधित हो गई है। दमदम अंडरपास को भी छोटी गाड़ियों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। कोलकाता के जादवपुर, ठनठनिया काली और अन्य इलाकों में भी घुटनों तक पानी भरा है।
अलीपुर स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय मुख्यालय ने बताया है कि उत्तर कोलकाता में कमोबेश 60 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि दक्षिण में भी करीब 40 मिली मीटर, मध्य कोलकाता में भी 40 मिलीमीटर से अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई है। मौसम विभाग के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक संजीव बनर्जी ने बताया कि चक्रवात अब बंगाल के तटीय क्षेत्रों से ओडिशा की ओर मुड़ गया है। इसके साथ चलने वाली हवाओं की गति भी घटकर 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे रह गई है, जिससे जानमाल के नुकसान की आशंका अब नहीं है। हालांकि यह निम्न दाब में तब्दील हो गया है, जिसकी वजह से सोमवार सारा दिन और मंगलवार को भी सुबह भारी बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि मंगलवार देर शाम मौसम में थोड़ी बहुत सुधार हो सकती है और बुधवार से सामान्य होने की उम्मीद है।



