भारत

इंडी गठबंधन भ्रष्टाचारियों का टोला हैः जेपी नड्डा

शहडोल- 02 अप्रैल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं जो देश को आगे बढ़ाने के लिए दिन-रात कठिन परिश्रम कर रहे हैं। दूसरी ओर विपक्ष ‘मोदी हटाओ, मोदी हटाओ’ का राग अलाप रहा है। प्रधानमंत्री मोदी का मानना है कि किसी भी भ्रष्टाचारी को छोड़ा नहीं जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विपक्ष के भ्रष्टाचार को जनता के सामने रखते हुए कहा कि इंडी गठबंधन भ्रष्टाचारियों का टोला है।

नड्डा मंगलवार को मप्र के शहडोल में भाजपा उम्मीदवार हिमाद्री सिंह के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शराब घोटाले में लिप्त पाया गया जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। भ्रष्टाचारी और दुराचारियों को संरक्षण देने वाली तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर कई मामले दर्ज हैं, जिनके खिलाफ कार्रवाई हो रही है। अखिलेश यादव के शासन में लैपटॉप, गोमती रिवर फ्रंट और अनाज घोटाला हुआ। लालू यादव जमीन के बदले नौकरी घोटाला, चारा घोटाले में शामिल हैं। डीएमके नेता बालू घोटाले में लिप्त है, इनके नाम 134 रुपये लाख करोड़ की संपत्ति है जिसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। घमंडिया गठबंधन के नेता या तो बेल पर है या जेल में है और यही इस गठबंधन की सच्चाई है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इंडी गठबंधन के नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी, पी. चिदंबरम, लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव, ए. राजा बेल पर हैं, अभिषेक बनर्जी से पूछताछ की जा रही है, हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येन्द्र जैन, आजम खान, प्रिया मलिक जेल में हैं। यह परिवारवाद की पार्टियों का भी टोला है, इसलिए हमारी जनता के हित की लड़ाई है लेकिन विपक्ष की परिवार को बचाने की लड़ाई है।

नड्डा ने कहा कि 2014 से पहले देश में आए दिन आतंकी घटनाएं घटती थीं, आज आतंकवाद की एक भी घटना सामने नहीं आती। पहले हर दिन नए घोटाले होते थे, आज ईमानदारी के शासन में भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होती है। कांग्रेसी कहते थे मंदिर वहीं बनाएंगे पर तिथि नहीं बताएंगे, भाजपा सरकार में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 22 जनवरी 2024 को भव्य राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार के 10 वर्षों की कार्यकाल की अनेक उपलब्धियां गिनाईं।

भाजपा नेता ने कहा कि 2024 में जनता का बहुमूल्य वोट ही यह तय करेगा कि मोदी आगे बढ़ेंगे, तभी देश आगे बढ़ेगा। नरेन्द्र मोदी की लड़ाई जनता और देश को आगे ले जाने, किसानों की भलाई, युवाओं की आकांक्षाओं को पंख देने, गरीबों को ताकत देने,महिलाओं को ताकत देने की लड़ाई है। इसलिए इस लड़ाई में जीतने के लिए कमल के निशान का बटन दबाकर हिमाद्री सिंह को विजयी बनाकर देश के विकास में योगदान दें। जनसभा को मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और शहडोल लोकसभा भाजपा प्रत्याशी हिमाद्री सिंह सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button