मोदी सरकार ने फायदे के लिए नौ साल में पूरे देश को कतारों में कर दिया खड़ा: प्रियंका गांधी

अजमेर/भीलवाड़ा- 20 नवंबर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि देशभक्ति के नाम पर बीते नौ सालों में केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने हर फायदे के लिए सभी को कतार में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीति है कि अडानी, अंबानी जैसे उद्योगपतियों को देश की सारी संपत्ति सौंप देते हैं। वहीं, छोटे कारोबारियों के लिए क्या किया? उन्हें पहले नोटबंदी की कतारों में खड़ा किया, फिर कोरोना में कोई राहत नहीं दी।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को अजमेर के केकड़ी और भीलवाड़ा के जहाजपुर में कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का काम होता है कि छोटे कारोबारियों को राहत देना, लेकिन कोई मदद नहीं की। फिर आप पर जीएसटी थोप दी। एक तो आप कमा नहीं पा रहे, ऊपर से महंगाई बढ़ती चली जा रही है।

प्रियंका ने कहा कि त्योहार में जैसे हम घर की सफाई करते हैं। वैसे ही चुनाव के समय में भी सफाई जरूरी है। चुनाव के समय नेता धर्म की बात करते हैं। इनकी आदत बन गई है कि चुनाव आएगा, धर्म की बात करेंगे, वोट मिल जाएगा। काम करने की जरूरत ही नहीं है। प्रियंका ने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के लिए कहा कि कांग्रेस के नेता एक-दूसरे को रन आउट करने में लगे हैं, लेकिन इनकी पार्टी तो खुद ही हिट विकेट है राजस्थान में। इनकी पार्टी पूरी तरह से बिखरी हुई है। मोदी कहते हैं मुझे वोट दो। क्या मोदी आपके मुख्यमंत्री बनेंगे? क्या मोदी प्रधानमंत्री पद छोड़ने वाले हैं? तो अपने नाम पर वोट क्यों मांग रहे हैं? उन्हें खुद ही समझ नहीं आ रहा है कि मुख्यमंत्री किसे बनाएंगे। सच्चाई ये है कि आज राजस्थान में भाजपा लगभग खत्म हो गई है।

उन्होंने कहा कि हमने किसानों का कर्ज माफ किया है। भाजपा ने किसी प्रदेश में किसानों का क्या कर्ज माफ किया है? काले कानूनों के खिलाफ जब किसान देश में आंदोलन कर रहा था तब भाजपा के मंत्री का बेटा किसानों को जीप के नीचे कुचल रहा था। छत्तीसगढ़ में हमने गोबर खरीद सबसे पहले शुरू की।

उन्होंने कहा कि द्र सरकार इतनी महंगाई बढ़ा रही है कि प्रदेश की सरकार को राहत के कैंप लगाने पड़ रहे हैं। यहां 500 रुपये में सिलेंडर मिल रहा है, केजी से पीजी तक महिलाओं के लिए नि:शुल्क शिक्षा, महिलाओं का रोडवेज में आधा किराया। जबकि मध्य प्रदेश में 18 साल से महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया।

उन्होंने कहा कि कभी हिंदू-मुसलमान, धर्म-जाति केवल यही बातें बीते 10 सालों से हो रही है। इन सब बातों से केवल आपका नुकसान हो रहा है। आपने कभी देखा है कि कभी किसी नेता का दंगे से नुकसान हो रहा है? नुकसान केवल आपका होता है। राजनीति होनी चाहिए, केवल आपके विकास के लिए। नेता का केवल धर्म होता है आपकी सेवा करना। ये ही सबसे बड़ा धर्म होता है।

lakshyatak
Author: lakshyatak

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!