
मधुबनी: छठ घाटों की सफाई कराने में नगर निगम फेल,लोगों ने खुद संभाली कमान, डीएम का आदेश बेअसर
मधुबनी-30 अक्टूबर। महापर्व छठ के नहाए खाए में सिर्फ आठ दिन ही रह गए है। इसके बावजुद भी शहर में नगर निगम तालाब को छोड़कर किसी भी तालाब पर सफाई कार्य नगर निगम द्वारा शुरू नहीं कराए जाने से लोगों की चिंता बढ़ गयी है। तथा निगम प्रषासन के खिलाफ आक्रोष व्यक्त है। जिलाधिकारी सह प्रशासक के आदेश एवं नगर निगम के द्वारा घाट की सफाई के लिए निरीक्षण टीम गठित किये जाने के बाद भी सफाई शुरू नहीं हो सका। इससे लोगों में गहरी नाराजगी है। वहीं व्रतियों की संभावित परेशानी व चिंता को देखते हुए कुछ तालाब व घाट की साफ व सफाई कार्य स्थानीय लोगों ने खुद शुरू करायी है। इसक्रम में महासेठी पोखर की सफाई कार्य 40 मजदूरों को रखकर शुरू करायी गयी है। जैव विविधता समिति के सदस्य अरुण राय ने लोगों के आग्रह को देखते हुए मजूदरों को रखकर सफाई शुरू कराया है। उन्होंने बताया कि वार्ड 23, 24, 26 एवं 29 के व्रती यहां पर आकर चारों ओर अर्ध्य देते हैं। लेकिन पूरा तालाब जलकुंभी से पटा हुआ है और नगर निगम अभी प्लान ही बना रहा है। ऐसे में सफाई संभव नहीं दिखता है। ऐसे ही हालत को देखते हुए काली मंदिर परिसर स्थित गंगासागर तालाब की सफाई निवर्त्तमान वार्ड पार्षद कैलास साह की पहल पर शुरू कराया गया है। पुलिस लाइन स्थित तालाब की सफाई कार्य भौआड़ा के रत्नेशवर दास उर्फ बब्बू सिंह ने शुरू कराया है। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र निगम क्षेत्र में आ गया है। पहले पंचायत में था तो पंचायत के फंड से तालाब की सफाई हो रही थी। लेकिन इस साल इन तालाबों की सफाई न पंचायत से हो सकी। तथा न ही नगर निगम संज्ञान में लिया है। ऐसे में निजी स्तर से ही सफाई कार्य शुरू किया गया है।



