
कांग्रेस में है परिवारवाद, दिल्ली और हिमाचल में मां बेटे की सरकार: अमित शाह
मंंडी- 01 नवंबर। हिमाचल प्रदेश में जारी चुनावी महासंग्राम में कांग्रेस व भाजपा के हैवीवेट नेताओं ने मोर्चा संभाल लिया है। सोमवार को मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में अखिल भारतीय कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने चुनावी रैली को संबोधित किया। वहीं पर मंगलवार को मंडी जिला के करसोग में भाजपा के हैवीवेट नेता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने चुनावी हुंकार भरते हुए कांग्रेस पर हल्ला बोला। करसोग के बरल ग्राउंड में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कांग्रेस को परिवारवाद की जननी करार दिया। उन्होंन कहा कि दिल्ली में और हिमाचल में मां बेटे की सरकार है। यह कांग्रेस की परिवारवाद की नीति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को मौनी बाबा के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि जब कांग्रेस की सरकार हुआ करती थी तो सेना के जवान दुश्मनों को जवाब देने से पहले सरकार की इनपुट लेते थे और ठंडे पड़ जाते थे। लेकिन अब मोदी की सरकार में मौन होने की परंपरा खत्म हो गई है। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि सर्जिकल स्ट्राइक करके पाकिस्तान के अंदर आतंकवादियों को घुसकर मारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब भारत की सीमा या सेना पर कोई भी हिमाकत करे तो उसे झुका दिया जाता है। यह मोदी के प्रभावशाली नेतृत्व की निशानी है।



