
MADHUBANI:- नगर थाना को सूचना आयोग का अल्टीमेटम, 4 दिसंबर को FIR के साथ हाजिर हों थानाध्यक्ष
मधुबनी – 29 नवंबर। बिहार सूचना आयोग, पटना ने वाद संख्या – A8799/2023 रूपकाला देवी बनाम प्रथम अपीलीय प्राधिकार सह पुलिस महानिरीक्षक, दरभंगा क्षेत्र एवं लोक सूचना पदाधिकारी सह पुलिस अधीक्षक, मधुबनी के मामले में सुनवाई करते हुए नगर थाना को बड़ा निर्देश दिया है।
आयोग में 18.11.2026 को हुई सुनवाई में अपीलकर्ता की ओर से अधिवक्ता शुभम कुमार उपस्थित हुए, वहीं लोक सूचना पदाधिकारी की ओर से मनोज कुमार, अपर थानाध्यक्ष, नगर थाना, मधुबनी प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित हुए।
सुनवाई के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक, मधुबनी के पत्र के द्वारा एक प्रतिवेदन समर्पित किया गया, जिसमें थाना के द्वारा आवेदिका को सूचना उपलब्ध कराई जा चुकी है, बताया गया। वहीं, आवेदिका के अधिवक्ता ने आयोग को बताया कि उनके द्वारा नगर थानाध्यक्ष, सदर अनुमंडल पदाधिकारी अश्विनी कुमार, ड्राईवर लक्ष्मी प्रसाद और उनके बेटे रौनक परवाना द्वारा आवेदिका के बेटे के साथ किये गये मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने हेतु आवेदन दिया गया था, परन्तु उस आवेदन के आलोक में प्राथमिकी अभी तक दर्ज नहीं की गई है, जबकि उनके विपक्षी के द्वारा दिये गये आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य मुख्य सूचना आयुक्त विनय कुमार ने नगर थानाध्यक्ष एवं सुनवाई में उपस्थित अपर थानाध्यक्ष को निर्देश दिया है कि आवेदिका, उनके पुत्र के आवेदन के आलोक में अविलम्ब प्राथमिकी दर्ज कर उसकी सूचना आवेदिका को उपलब्ध करायेंगे। सुनवाई की अगली तिथि को नगर थानाध्यक्ष प्राथमिकी की प्रति के साथ अनिवार्य रूप से सशरीर उपस्थित रहेंगे।
आवेदिका के अधिवक्ता के अनुरोध पर कि आवेदिका का एक अन्य वाद जिसकी सुनवाई की 04.12.2026 को निर्धारित है, इस वाद को भी उसी तिथि को सुनवाई हेतु रखा जाए, अनुरोध को स्वीकार करते हुए सुनवाई की अगली तिथि 04.12.2026 को निर्धारित की गई है।



