स्पोर्ट्स

भारत की पहली ओलंपिक फिल्म का शुभारंभ

पुणे- 29 नवंबर। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार को पुणे में 100वें ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ के ऐतिहासिक आयोजन के अवसर पर भारत की पहली ओलंपिक फिल्म का शुभारंभ किया। इस फिल्म में अभिनेता आयुष्मान खुराना और खेल जगत की दिग्गज हस्तियां मीराबाई चानू, शीतल देवी तथा स्मृति मंधाना शामिल हैं।

यह फिल्म ‘इंडिया रेडी फॉर ओलंपिक्स’ थीम के तहत भारत के ओलंपिक अभियान की शुरुआत का प्रतीक है। इसमें देश में खेलों के क्षेत्र में हो रहे परिवर्तन और वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने की भारत की महत्वाकांक्षा को दर्शाया गया है।

इस अवसर पर डॉ. मांडविया ने कहा कि फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल के 100वें आयोजन के अंतर्गत 50,000 से अधिक साइकिल सवारों ने पुणे की सड़कों पर साइकिल चलाई। इस कार्यक्रम का आयोजन देशभर में 40,000 स्थानों पर किया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय युवा फिटनेस को अपना रहे हैं, क्योंकि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए स्वस्थ और फिट राष्ट्र आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि 100वें संडेज ऑन साइकिल का आयोजन भारत की वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी की दावेदारी को समर्पित है। आज हम केवल साइकिल नहीं चला रहे हैं, बल्कि छत्रपति शिवाजी महाराज की पवित्र भूमि से पूरे देश को फिटनेस का सशक्त संदेश दे रहे हैं। साइकिल का प्रत्येक पैडल हमें विकसित भारत के लक्ष्य के और करीब ले जाता है।

इस शुभारंभ के अवसर पर 50,000 साइकिल सवारों के साथ भारतीय ओलंपिक संघ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रघुराम अय्यर और ओलंपियन प्रियंका गोस्वामी, जैस्मिन लम्बोरिया, प्रीति पवार, संदीप कुमार, आशीष कुमार चौधरी तथा श्राबनी नंदा उपस्थित रहे। इस आयोजन में यूथ ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अंबेकर मीतेई, एशियाई खेलों की पदक विजेता सुचिका तरियाल, ताइक्वांडो खिलाड़ी कशिश मलिक, ट्रैक साइकिलिस्ट डेविड बेकहम एल्कातोचोन्गो और पर्वतारोही बलजीत कौर ने भी भाग लिया।

मौके पर पुणे में ‘रिवर साइक्लोथॉन 2026: जल संरक्षण एवं नदी स्वच्छता’ थीम के तहत 25 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की साइकिल रैलियों का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने जल संरक्षण, नदियों की स्वच्छता और नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प भी लिया। यह आयोजन देशभर के 100 प्रतिष्ठित स्थानों और प्रत्येक जिले में आयोजित किया गया। 600 से अधिक जिलों में आयोजित साइकिल रैलियों में 1.5 लाख से अधिक माय भारत वालंटियर्स ने भाग लिया।

खेल मंत्री ने एक पुस्तक का विमोचन भी किया। इसके साथ ही फिटनेस को बढ़ावा देने और सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कई अन्य गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

आईओए के सीईओ रघुराम अय्यर ने कहा कि आज हम संडेज ऑन साइकिल के ऐसे आयोजन का उत्सव मना रहे हैं, जो उत्कृष्टता, सम्मान और मैत्री जैसे ओलंपिक के मूल मूल्यों को समर्पित है। मुझे खुशी है कि हम भारत में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के सपने को साकार करने की दिशा में एक कदम और आगे बढ़े हैं। —————

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!