
बिहार में 1 दिसंबर से महंगा होगा सुधा दूध, 5 रुपये प्रति लीटर तक बढ़े दाम
पटना- 29 नवंबर। बिहार में सुधा दूध का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है। बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड) ने सुधा दूध की कीमतों में 2 से 5 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। नई दरें 1 दिसंबर 2026 से पूरे बिहार में लागू होंगी। छह महीने के भीतर दूध की कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है।
नई दरों के अनुसार, सुधा गोल्ड का आधा लीटर पैकेट 35 रुपये के बजाय 37 रुपये और एक लीटर पैकेट 68 रुपये के बजाय 72 रुपये में मिलेगा। सुधा शक्ति का आधा लीटर पैकेट 31 से बढ़कर 33 रुपये और एक लीटर 60 से बढ़कर 64 रुपये हो जाएगा। वहीं, सुधा काउ मिल्क का आधा लीटर पैकेट 29 से बढ़कर 32 रुपये और एक लीटर 57 से बढ़कर 62 रुपये का हो जाएगा। सुधा टोंड और डबल टोंड दूध की कीमतों में भी वृद्धि की गई है।
कॉम्फेड के अनुसार, पशु चारा, खल्ली, भूसा, दाना, ईंधन, पैकेजिंग सामग्री और परिवहन की लागत बढ़ने के कारण कीमतों में संशोधन किया गया है। किसानों से खरीदे जाने वाले कच्चे दूध की कीमत में भी प्रति किलोग्राम 2.26 रुपये तक की वृद्धि की गई है। इस फैसले से आम परिवारों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।



