
12 दिसंबर को बिहार पुलिस को मिलेगा देश का सर्वोच्च सम्मान, गृह मंत्री अमित शाह अपने हाथों सौंपेंगे राष्ट्रपति कलर अवार्ड, पटना में होगा भव्य समारोह
पटना- 27 नवंबर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अगले महीने दिसंबर में दो दिवसीय बिहार दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान 12 दिसंबर को वह बिहार पुलिस को राष्ट्रपति कलर अवार्ड से सम्मानित करेंगे। यह पुलिस बल को मिलने वाला देश का सर्वोच्च सम्मान है।
इस खास कार्यक्रम का आयोजन पटना स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-5 के परिसर में किया जाएगा, जहां समारोह को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मुख्य सचिव, गृह सचिव और बिहार पुलिस के डीजीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे। बिहार पुलिस के लिए 12 दिसंबर का दिन बेहद खास होने वाला है। इस दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पुलिस विभाग को राष्ट्रपति कलर अवार्ड प्रदान करेंगे। यह सम्मान बिहार पुलिस को उसकी स्थापना से लेकर अब तक की असाधारण सेवाओं, वीरता और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए दिया जा रहा है।
इस साल अप्रैल में बिहार पुलिस को बेहतर और उत्कृष्ट पुलिसिंग के लिए राष्ट्रपति कलर अवार्ड देने की घोषणा की गई थी। अब दिसंबर में गृह मंत्री अमित शाह अपने हाथों से यह सम्मान प्रदान करेंगे। राष्ट्रपति कलर अवार्ड मिलने के बाद बिहार पुलिस को एक विशेष ध्वज और बैज दिया जाएगा। इस सम्मान की खास बात यह है कि सिपाही से लेकर डीजीपी तक सभी पुलिसकर्मी अपनी वर्दी पर सीने के पास इस विशेष बैज को लगा सकेंगे। यह बैज बिहार पुलिस के लिए गर्व और सम्मान का प्रतीक होगा। इसे हासिल करना किसी भी पुलिस बल के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
सम्मान समारोह के दौरान भव्य परेड का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें बिहार पुलिस की अलग-अलग इकाइयों की आठ प्लाटून हिस्सा लेंगी। गृह मंत्री अमित शाह परेड की सलामी लेंगे। परेड में गोरखा बटालियन, महिला स्वाभिमान बटालियन, स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और अश्वारोही पुलिस दस्ते समेत अन्य पुलिस इकाइयां शामिल होंगी। इस परेड का नेतृत्व IPS रैंक के अधिकारी करेंगे। पुलिस बैंड की ओर से विशेष प्रस्तुति भी दी जाएगी।



