
MADHUBANI: मंडल कारा रामपट्टी में सुबह-सुबह मचा हड़कंप, SDM-SDPO के नेतृत्व में 22 सेल खंगाले गए, नहीं मिला एक भी मोबाइल-हथियार
मधुबनी – 27 नवंबर। मंडल कारा रामपट्टी में शुक्रवार को अहले सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच छापेमारी की गई। सदर एसडीएम चंदन कुमार झा और एसडीपीओ वन अमित कुमार के नेतृत्व में हुई इस औचक छापेमारी से जेल प्रशासन और बंदियों में हड़कंप मच गया।
छापेमारी का मुख्य उद्देश्य जेल के अंदर मोबाइल फोन, हथियार और अन्य प्रतिबंधित सामग्रियों का पता लगाना था। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार अहले सुबह पुलिस बल के साथ पहुंचे अधिकारियों ने जेल के विभिन्न हिस्सों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जेल के छह खंडों में अवस्थित सभी 22 सेल की बारीकी से जांच की गई।
इसके अलावा जेल के किचन, स्नानघर, परिसर, अस्पताल सहित अन्य सभी स्थानों को भी खंगाला गया। अधिकारियों ने प्रत्येक वार्ड और सेल में पहुंचकर बंदियों के रहने वाले स्थानों तथा आसपास के हिस्सों की गहन जांच-पड़ताल की। छापेमारी में राजनगर थाना, नगर थाना और पंडौल थाना की पुलिस टीम ने भी भाग लिया। पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में जेल के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई।
सदर एसडीएम चंदन कुमार झा ने बताया कि मंडल कारा रामपट्टी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर औचक छापेमारी और सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान जेल के सभी निर्धारित स्थानों की बारीकी से तलाशी ली गई। जांच के क्रम में कोई भी आपत्तिजनक या प्रतिबंधित वस्तु बरामद नहीं हुई। प्रशासन की इस कार्रवाई को जेल के अंदर सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने और प्रतिबंधित सामग्रियों के प्रवेश पर रोक लगाने की नियमित कवायद के रूप में देखा जा रहा है।



