
वैशाली; कांड के सिलसिले में रुपये लेते वीडियो वायरल, कटहरा थाना की दारोगा नेहा सिन्हा निलंबित
वैशाली – 26 नवंबर। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के मामले में वैशाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कटहरा थाना में पदस्थापित पुअनि नेहा सिन्हा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, वैशाली से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सोशल मीडिया पर कटहरा थाना में पदस्थापित पुअनि नेहा सिन्हा का एक कांड के सिलसिले में रुपये लेते हुए वीडियो वायरल होने का मामला संज्ञान में आया था।
उक्त वायरल वीडियो के संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक, वैशाली शुभांक मिश्रा द्वारा गंभीरता से संज्ञान लेते हुए मामले की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महुआ से कराई गई।
जांच के क्रम में प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर संबंधित पुलिस पदाधिकारी की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर वरीय पुलिस अधीक्षक, वैशाली द्वारा तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित करते हुए पुलिस लाईन हाजिर किया गया है और विभागीय कार्यवाही प्रारंभ की गई है।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि पुलिस विभाग में अनुशासन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा अपने कर्तव्यों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्ट आचरण अथवा कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



