
MADHUBANI:- हाईवा की टक्कर से युवक की मौत, इकलौते बेटे को खोकर टूटा परिवार
मधुबनी- 26 नवंबर। नगर निगम क्षेत्र के रांटी चौक-पंचवटी चौक पर बीती रात एक तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने बुलेट बाइक सवार युवक को जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान समस्तीपुर निवासी बिनोद कुमार के इकलौते पुत्र मोनू कुमार (30) के रूप में की गई है। बिनोद कुमार मधुबनी रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय में कमर्शियल पोर्टर के पद पर कार्यरत हैं। वह अपने परिवार के साथ मधुबनी रेलवे कॉलोनी के क्वार्टर टी-3 बी में रह रहा था।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मोनू शहर के कोतवाली चौक स्थित सैमसंग मोबाइल सर्विस सेंटर में क्लर्क के पद पर कार्यरत था। वह रोज की तरह काम से लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। हाईवा ट्रक को जब्त कर लिया। हालांकि हादसे के बाद ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, मृतक के पिता बिनोद कुमार ने राजनगर थाने में लिखित आवेदन देकर वाहन के चालक एवं स्वामी के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुई मौत के संबंध में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



