
MADHUBANI:- संविधान दिवस पर मधुबनी में विचार गोष्ठी, ओबीसी जनगणना में कॉलम जोड़ने की उठी मांग
मधुबनी- 26 नवंबर। संविधान दिवस पर शहर मुख्यालय में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता राम सुदिष्ट यादव ने की। मंच संचालन मदन गोपाल यादव ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए
राष्ट्रीय पिछड़ा शोषित संगठन बिहार अध्यक्ष उमेश राय ने कहा कि 2027 में की जा रही जनगणना से ओबीसी वर्ग की जनगणना का सही आंकड़ा नहीं मिल पाएगा। जनगणना पत्रक में ओबीसी वर्ग के लिए कोई कॉलम नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल द्वारा ओबीसी वर्ग के साथ भेदभाव किया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर कमजोर वर्गों की आवाज को मजबूत करने के लिए संगठित समाज को मजबूत बनाने के लिए पहल की जानी चाहिए।70 वर्षों में ओबीसी वर्ग के लोगों को केंद्र सरकार में आरक्षण नहीं मिलने दिया जाता है।
कार्यक्रम अध्यक्ष राम सुदिष्ट यादव ने कहा कि इन दिनों धर्म के नाम पर वर्चस्ववादी लोगों द्वारा आमजन के खिलाफ एक षड्यंत्र रचा जा रहा है। आमजन को शिक्षा, समता, समानता से अलग किया जा रहा है। इसके लिए ओबीसी वर्ग के लोगों को संगठित होकर अपने अस्तित्व को बचाना होगा।
विष्णुदेव सिंह यादव ने कहा कि समाज के लोगों को सजग होना होगा। उन्होंने सभी वर्गों को जागृत होने का आह्वान किया। ओबीसी वर्ग का कॉलम जोड़ने पर जोर देने की बात कही। गोष्ठी में रंजीत कुमार, संजीव कुमार, रामाशीष रमण, वकील यादव, ललित देवी, सीताशरण यादव, प्रो. इस्तियाक अहमद, घनश्याम साहू, मिश्रीलाल यादव, शंकर जी, भगवान साह, मुमताज आलम मोम, सत्तों मंडल, विश्वेश्वर सिंह, त्रिवेणी सदाय, विनोद क्रांति, विवेक, विजय कुमार सहित कई लोगों ने अपनी राय व्यक्त की।



