
MADHUBANI:- नवनिर्मित नाला धंसा, ईंट लदे ट्रैक्टर से टूटने का दावा, संवेदक बोले – निगम को बदनाम करने की साजिश, लोगों ने उठाए गुणवत्ता पर सवाल
मधुबनी- 26 नवंबर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 33 में पिन्टु के घर से मो. आलम पान दुकान तक बने नवनिर्मित आरसीसी नाले का एक हिस्सा धंस गया। घटना बुधवार, 25 नवंबर की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि ईंट से लदा एक ट्रैक्टर नाले के ऊपर से गुजर रहा था, तभी एक जगह नाला धंस गया। यह वही नाला है, जिसके निर्माण के लिए नगर निगम ने 27 जून 2026 को 46,87,665 रुपये की निविदा स्वीकृत की थी। नियमानुसार इस काम को एकरारनामा के बाद 03 माह के अंदर यानी सितंबर-अक्टूबर 2026 तक पूरा हो जाना चाहिए था। इस मामले एक युवक ने खुद को संवेदक होने का दावा करते हुए कहा कि नाले का निर्माण पांच-सात दिन पूर्व ही हुआ था। इसी बीच ईंट लदे ट्रैक्टर ने नाले को तोड़ दिया।
नगर निगम के एक प्रतिनिधि ने आरोप लगाया है कि नगर निगम को बदनाम करने के लिए किसी ने नाला तोड़ने की साजिश की है। उनका कहना है कि जानबूझकर भारी वाहन को नवनिर्मित नाले से गुजारा गया। अब सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि अगर किसी ने जान-बूझकर नाला तोड़कर निगम को बदनाम किया और सरकारी कार्य को क्षति पहुंचाई, तो इसको लेकर क्या कार्रवाई की गई? क्या संवेदक या नगर निगम की ओर से इस मामले में थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है?
क्या ट्रैक्टर और उसके चालक की पहचान की गई है? क्या नाले के टूटने की जांच के लिए नगर निगम ने कोई तकनीकी टीम गठित की है? अगर नाला अभी पूरी तरह कंप्लीट नहीं हुआ था, तो उस पर भारी वाहन का आवागमन कैसे होने दिया गया? क्या वहां बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड लगाया गया था? एक तरफ इसे साजिश बताया जा रहा हैं, तो दूसरी तरफ स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर निर्माण गुणवत्ता पूर्ण होता, तो पांच-सात दिन पुराना नाला एक ट्रैक्टर के गुजरने से इस तरह नहीं धंसता। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर काम पूरा न होना और गुणवत्ता पर सवाल, दोनों की जांच होनी चाहिए।
फिलहाल नगर निगम की ओर से इस मामले में किसी आधिकारिक कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। लोग चाहते हैं कि निगम इस मामले की निष्पक्ष जांच कराए और दोषी चाहे जो भी हो, उस पर कार्रवाई हो। इधर, आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कार्यक्रम प्रकोष्ठ इं. गौरीशंकर यादव ने बताया कि इस मामले में नगर विकास एवं आवास विभाग मंत्री नीतीश मिश्र को आवेदन देकर निर्माण कार्य की जांच की मांग करेंगे।



