बिहार

“हरिपुर ड्योढ़ी में कृष्ण-सुदामा मिलन के मार्मिक प्रसंग से भावविभोर हुए श्रद्धालु, सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का विधिवत समापन”

मधुबनी- 26 नवंबर। पंडौल प्रखंड अंतर्गत हरिपुर ड्योढ़ी परिसर में बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा के सहयोग से आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में विधिवत समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन कथावाचक आचार्य विनय चेतन शास्त्री जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण और उनके परम मित्र सुदामा के मिलन तथा श्रीकृष्ण-उद्धव संवाद के अत्यंत मार्मिक एवं प्रेरणादायी प्रसंगों का विस्तारपूर्वक वर्णन किया।

आचार्य ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता संसार के लिए निःस्वार्थ प्रेम, अटूट विश्वास, श्रद्धा और समर्पण का अनुपम आदर्श है। सुदामा की आर्थिक विपन्नता और भगवान श्रीकृष्ण की राजसी संपन्नता के बावजूद दोनों के बीच मित्रता का संबंध कभी कमजोर नहीं हुआ। द्वारका में अपने बालसखा सुदामा के आगमन की सूचना मिलते ही भगवान श्रीकृष्ण का नंगे पांव दौड़कर उनसे मिलने जाना और उन्हें हृदय से लगाना यह संदेश देता है कि सच्चे संबंधों में पद, प्रतिष्ठा, धन और वैभव का कोई महत्व नहीं होता। वहां केवल प्रेम, आत्मीयता और भावनाओं का स्थान होता है।

उन्होंने सुदामा के प्रति भगवान श्रीकृष्ण के प्रेम, उनके चरण पखारने और मित्र के प्रति समर्पण के प्रसंग को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया। इस मार्मिक प्रसंग को सुनकर उपस्थित हजारों श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
आचार्य ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और उनके उपदेश मानव जीवन को सही दिशा देने वाले हैं। उद्धव संवाद के माध्यम से भगवान ने भक्ति, ज्ञान, वैराग्य, आत्मबोध और जीवन के वास्तविक उद्देश्य का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अहंकार और सांसारिक मोह से ऊपर उठकर ईश्वर के प्रति समर्पण तथा लोककल्याण की भावना से जीवन जीना चाहिए।

इस अवसर पर कृष्ण-सुदामा मिलन पर आधारित भव्य एवं आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भव्य भजन, संगीतमय प्रस्तुति और भक्तिमय गीतों के माध्यम से कलाकारों ने पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते नजर आए। झांकियों में कृष्ण-सुदामा की आत्मीय मित्रता और मिलन के दृश्यों ने सभी को भावुक कर दिया।

कार्यक्रम में बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के सदस्य दुर्गेश राय एवं अरुण झा, भाजपा नेता दिवाकर झा, डॉ. शिशिर कुमार झा, अमरेश श्रीवास्तव, मनोज चौधरी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर कथा का श्रवण किया। अंतिम दिन प्रसाद एवं भंडारे की समुचित व्यवस्था की गई थी। हरिपुर ड्योढ़ी में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब इस बात का प्रमाण रहा कि श्रीमद्भागवत की शिक्षाएं समाज को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने की अद्भुत शक्ति रखती हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!