
BIHAR:- मधुबनी में फिर अपराध का तांडव, हनुमान बाग में मिला अज्ञात व्यक्ति का जला हुआ शव
“कोइलख-परसा के बीच हुई घटना से इलाके में सनसनी, पहचान छिपाने के लिए शव जलाए जाने की आशंका; पुलिस जांच में जुटी”
मधुबनी 20 नवंबर। जिले में आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कोइलख-परसा के बीच स्थित हनुमान बाग का है, जहां एक अज्ञात व्यक्ति का जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के क्षेत्रों में लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि मृतक की पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसकी हत्या करने के बाद शव को आग के हवाले किया गया होगा। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय लोगों ने हनुमान बाग के पास जली हुई हालत में शव देखा तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते घटना की खबर आग की तरह फैल गई और मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गए। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की। शव इतनी बुरी तरह जल चुका था कि उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है।
पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से मौत हुई है, इस पर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
वहीं, इस घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि जिले में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों में भी गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि मृतक की पहचान हो सके।



