धर्म-ज्योतिष

भाईदूज: यमराज ने बहन यमुना को दिया था वरदान, कल वही परंपरा निभाएंगी बहनें: पं. शंभूनाथ झा

मधुबनी, 10 नवंबर। दीपावली के पांच दिवसीय महापर्व का समापन कल बुधवार, 11 नवंबर को भाईदूज के साथ होगा। इसे शास्त्रों में यम द्वितीया भी कहा जाता है। विश्व प्रसिद्ध फेस रीडर व ज्योतिषाचार्य पं. शंभूनाथ झा के अनुसार भाईदूज का वर्णन भविष्य पुराण, स्कंद पुराण और पद्म पुराण में मिलता है। भविष्य पुराण के अनुसार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमराज अपनी बहन यमुना के घर गए थे। यमुना ने भाई का स्वागत कर तिलक लगाया, आरती उतारी और प्रेमपूर्वक भोजन कराया। प्रसन्न होकर यमराज ने वरदान दिया था कि जो बहन इस दिन अपने भाई को तिलक करके भोजन कराएगी, उस भाई को कभी अकाल मृत्यु का भय नहीं होगा। जो भाई इस दिन अपनी बहन के घर भोजन करेगा, उसे यमलोक का भय नहीं रहेगा। तभी से यह पर्व यम द्वितीया के नाम से प्रसिद्ध हुआ।

पं. झा ने बताया कि स्कंद पुराण में कहा गया है कि इस दिन भाई को अपनी बहन के घर जाकर तिलक कराना चाहिए। बहन के हाथ का भोजन करना अमृत के समान माना गया है। इससे भाई की आयु बढ़ती है और बहन को सौभाग्य की प्राप्ति होती है।

एक अन्य कथा के अनुसार नरकासुर का वध करने के बाद भगवान श्रीकृष्ण अपनी बहन सुभद्रा के घर गए थे। सुभद्रा ने भाई का तिलक कर, आरती उतारकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया था। उसी दिन से भाईदूज मनाने की परंपरा शुरू हुई।

पं. शंभूनाथ झा ने बताया कि बहनें इसी अपराह्न मुहूर्त में भाई के माथे पर रोली-अक्षत का तिलक लगाकर, घी के दीपक से आरती उतारें। भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधें और मिठाई खिलाएं। इससे भाई की आयु, स्वास्थ्य और तरक्की में वृद्धि होती है।

उन्होंने कहा कि भाई को भी अपनी बहन को सामर्थ्य अनुसार उपहार और दक्षिणा अवश्य देनी चाहिए। इस दिन भाई-बहन को एक-दूसरे से विवाद नहीं करना चाहिए, प्रेम से भोजन करना चाहिए।

शास्त्रों में साफ लिखा है कि भाईदूज सिर्फ त्योहार नहीं, भाई-बहन के रिश्ते का रक्षा कवच है। इस दिन बहन का तिलक भाई के लिए यम से भी रक्षा करता है।
इधर, भाईदूज को लेकर बाजारों में भी रौनक रही। बहनें भाइयों के लिए मिठाई, कपड़े और उपहार खरीद रही हैं। वहीं भाई भी बहनों को उपहार देने की तैयारी में जुटे हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!