
BIHAR:- सोनपुर आयोजना क्षेत्र का हुआ बड़ा विस्तार, अब 798.94 वर्ग किमी में फैलेगा महायोजना का दायरा, 575 गांव शामिल
पटना/सोनपुर- 10 नवंबर। बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने सोनपुर आयोजना क्षेत्र के द्वितीय क्षेत्र विस्तार की अधिसूचना जारी कर दी है। बिहार शहरी आयोजना तथा विकास अधिनियम, 2012 की धारा-9 और नियमावली, 2014 के नियम-9 के तहत जारी इस अधिसूचना से सोनपुर नगर परिषद और इसके आस-पास के महत्वपूर्ण क्षेत्रों के समेकित एवं सुव्यवस्थित विकास का रास्ता साफ हो गया है।
विभाग के अनुसार अगले बीस वर्षों अथवा इससे विस्तारित अवधि के लिए महायोजना तैयार की जाएगी। इसके लिए सोनपुर आयोजना क्षेत्र को सबसे पहले विभागीय अधिसूचना घोषित किया गया था। इसके बाद अधिसूचना द्वारा प्रथम क्षेत्र विस्तार किया गया। अब द्वितीय क्षेत्र विस्तार के तहत सोनपुर आयोजना क्षेत्र को और बड़ा कर दिया गया है।
पूर्व से अधिसूचित सोनपुर आयोजना क्षेत्र का क्षेत्रफल 599 वर्ग किमी था। अब 199.94 वर्ग किमी क्षेत्र और जुड़ गया है। इस तरह अब कुल क्षेत्रफल 798.94 वर्ग किमी हो गया है। इसमें शहरी क्षेत्र का क्षेत्रफल 36.71 वर्ग किमी और शेष ग्रामीण क्षेत्र का क्षेत्रफल 762.23 वर्ग किमी है।
इस आयोजना क्षेत्र के अन्तर्गत अब तीन शहरी प्रशासनिक इकाई सोनपुर नगर पंचायत, दिघवारा नगर पंचायत और परसा बाजार नगर पंचायत तथा 575 राजस्व ग्राम शामिल हैं।
दरियापुर सीडी ब्लॉक 182 राजस्व ग्राम, अमनौर सीडी ब्लॉक 118 राजस्व ग्राम, सोनपुर सीडी ब्लॉक 97 राजस्व ग्राम, परसा सीडी ब्लॉक 78 राजस्व ग्राम,
दिघवारा सीडी ब्लॉक 44 राजस्व ग्राम, मकेर सीडी ब्लॉक 41 राजस्व ग्राम,.गरखा सीडी ब्लॉक 15 राजस्व ग्राम।
उत्तर में अमनौर ब्लॉक के झकरा, खास पट्टी, अराझी धरमपुर से होते हुए मकेर ब्लॉक के कस्बा मकेर, भथना राजस्व ग्राम तक।
दक्षिण में सोनपुर ब्लॉक के सबलपुर, रायपुर हसनपुर से होते हुए दिघवारा ब्लॉक के झौआ राजस्व ग्राम तक। पूरब में मकेर ब्लॉक के एकडेरवा मसूरिया से होते हुए दरियापुर, सोनपुर ब्लॉक के गांवों से होते हुए नगर परिषद सोनपुर तक। पश्चिम में गरखा ब्लॉक के मुरौदपुर, मुरा से होते हुए अमनौर ब्लॉक के मनोरपुर झखरी राजस्व ग्राम तक।
अधिसूचना जारी होने के बाद अब इन क्षेत्रों में विकास कार्य महायोजना के अनुरूप होंगे। इससे सोनपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाला, आवास, बाजार और अन्य बुनियादी सुविधाओं के व्यवस्थित विकास की उम्मीद बढ़ गई है।



