
MADHUBANI: स्वच्छ शहर का दावा खोखला, छठ घाट पर गंदगी देख भड़के लोग, दी आंदोलन की चेतावनी
मधुबनी- 10 नवंबर। छठ पूजा से पहले नगर निगम क्षेत्र के वार्ड-27 के पनपीपी पोखर घाट पर स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन कर नगर निगम के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। मौके पर प्रीति माला,रश्मि कुमारी,धर्मेन्द्र यादव, प्रमोद कुमार, शिवनारायण साह सहित अन्य लोग तालाब किनारे साफ-सफाई की मांग कर रहे थे। लोगों का कहना है कि छठ जैसा महापर्व नजदीक आ गया है। लेकिन घाट पर गंदगी, कचरे का अंबार लगा है। सड़क के दोनों किनारे कचरे से पटे हैं। वार्ड पार्षद और नगर निगम प्रशासन उदासीन बना है। लोगों ने बताया कि नगर निगम का स्वच्छ शहर का दावा खोखला साबित हो रहा है।
वार्ड 27 की पनपीपी पोखर के उत्तरी भिंडा और सड़क पर गंदगी और बदबू का ऐसा साम्राज्य है कि लोग उस रास्ते से गुजरने से भी कतराने लगे हैं। पोखर की सफाई नहीं होने से छठ व्रतियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
गंदगी के अंबार से सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। इसके लिए नगर निगम को आवेदन भी दिया गया है।
इधर, वार्ड-21 स्थित चकदह गुलटेनी पोखर पर से अतिक्रमण खाली नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। स्थानीय मिहिर झा व आरटीआई एक्टिविस्ट सुभाष यादव उर्फ हनुमानजी का आरोप है कि बार-बार मांग के बाद भी पोखर से अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा है। हाल ही में रहिका अंचल अमीन द्वारा पोखर पर अतिक्रमण का निरीक्षण किया गया। उसके बाद से अमीन का पता नहीं है। रहिका अंचल प्रशासन अतिक्रमण खाली कराने से पहले मापी में टाल-मटोल कर रहा है। इससे छठ घाट की तैयारी प्रभावित हो रही है। व्रतियों को परेशानी होगी।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि अगर छठ से पहले दोनों घाटों की सफाई और अतिक्रमण खाली नहीं हुआ, तो आंदोलन किया जाएगा।



