
MADHUBANI: अंधराठाढ़ी के देवहार स्थित मुक्तेश्वर महादेव मंदिर से दुर्लभ पुरावशेष गायब, पटना से DM को कार्रवाई का आदेश
मधुबनी- 29 अक्टूबर। मधुबनी जिले के अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के देवहार गांव स्थित ऐतिहासिक मुक्तेश्वर महादेव मंदिर से दुर्लभ पुरावशेषों के गायब होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस संबंध में बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग (पुरातत्व निदेशालय) ने मधुबनी के जिलाधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुरातत्व निदेशक कृष्ण कुमार द्वारा जारी पत्र के अनुसार, इस मामले की शिकायत डॉ. शिव कुमार मिश्र ने की है। डॉ. मिश्र सेवानिवृत्त संग्रहालयाध्यक्ष, मिथिला ललित संग्रहालय, सौराठ, मधुबनी हैं और वर्तमान में को-कॉन्वेनर, इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चर हेरिटेज (INTACH), बिहार हैं। उन्होंने अपने आवेदन पत्र में तथ्यों के साथ उल्लेख किया है कि देवहार गांव के मुक्तेश्वर महादेव मंदिर से कीमती और दुर्लभ पुरातात्विक अवशेषों को गायब कर दिया गया है।
पटना से आदेश—
INTACH की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुरातत्व निदेशालय ने कहा है कि आवेदन में अंकित तथ्यों के आलोक में दुर्लभ पुरावशेषों को गायब करने वालों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। पत्र की प्रतिलिपि सूचनार्थ शिकायतकर्ता डॉ. शिव कुमार मिश्र को भी भेजी गई है।
गौरतलब है कि देवहार का मुक्तेश्वर मंदिर मिथिला क्षेत्र के प्राचीन मंदिरों में से एक माना जाता है और यहां से कई प्राचीन मूर्तियां व अवशेष पहले भी मिलने की चर्चा रही है। पुरावशेषों के गायब होने से स्थानीय इतिहास प्रेमियों में आक्रोश है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस पर क्या कार्रवाई करता है।



