
बिहार म्यूजियम को वैश्विक सम्मान, दुनिया का 9वां और एशिया का नंबर-1 संग्रहालय घोषित, बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने जतायी प्रशंसा
पटना, 27 अक्टूबर। बिहार के लिए गौरव का क्षण है। जर्मनी की प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पत्रिका ‘वर्थ अ जर्नी’ (Worth a Journey) की वर्ष 2026 की वैश्विक रैंकिंग में पटना स्थित बिहार म्यूजियम को दुनिया का नौवां और एशिया का नंबर-1 संग्रहालय घोषित किया गया है।
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए समस्त प्रदेशवासियों को बधाई दी है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि 3,700 से अधिक वैश्विक स्थलों के मूल्यांकन में शीर्ष 10 में स्थान पाना ऐतिहासिक क्षण है और यह हमारी प्राचीन धरोहरों के संरक्षण के प्रति नीतिगत प्रयासों का सुखद प्रतिफल है।
उन्होंने कहा कि आदिम युग से आधुनिक कालखंड तक के इतिहास, विशिष्ट स्थापत्य कला और ‘दीदारगंज यक्षी’ जैसी दुर्लभ कलाकृतियों को समेटे यह परिसर आज वैश्विक सांस्कृतिक चेतना का जीवंत केंद्र बन चुका है। बिहार म्यूजियम जैसी संस्थाएं नई पीढ़ी को अपनी जड़ों व मूल परंपराओं से जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम हैं।



