
नेता प्रतिपक्ष राहुल बोले- हमारा आंदोलन शिव का तांडव है, इसमें कोई प्लान नहीं होता; ये शिव की बारात है, कोई भी आ सकता है
राहुल बोले- हमारा आंदोलन शिव का तांडव है, इसमें कोई प्लान नहीं होता; ये शिव की बारात है, कोई भी आ सकता है
नई दिल्ली – 12 अक्टूबर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और वोट चोरी के आरोपों को लेकर चल रहे विरोध के बीच नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आज अपने आंदोलन को भगवान शिव के तांडव से जोड़ा।
AICC मुख्यालय इंदिरा भवन में INDIA गठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा कि मेरी बहन प्रियंका मुझसे कहती है कि तुम्हें प्लान बनाना चाहिए। मैंने उनसे कहा तुम बात को समझ नहीं रही हो। ये तांडव है। शिव का तांडव चल रहा है। इसमें कुछ भी प्लान नहीं होता। आज कुछ और होगा, कल कुछ और होगा। किसी प्लान की जरूरत नहीं है।
राहुल ने कहा कि आप सोचते हैं हमने कोई प्लान बनाया था? यह डांस है, तांडव है। ये शिव की बारात है। इसमें कोई भी आ सकता है, कोई भी जीव आ सकता है। हम हर किसी का स्वागत करते हैं। जो भी इस बारात में नाचना चाहे, आ सकता है।
सरकार पर हमला – दिल्ली को किले में बदल दिया
राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली में कई दिनों से वोट चोरी के खिलाफ प्रदर्शन चल रहा है, लेकिन सरकार ने दिल्ली को जेल में बदल दिया है। लोगों को शहर में आने से रोका जा रहा है, ट्रेनों और बसों में रोका जा रहा है। हर तरफ पुलिस तैनात कर दी गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चाहती है कि लोग मानें कि भारत पुलिस से डरता है, लेकिन हम बताना चाहते हैं कि भारत किसी चीज से नहीं डरता।
आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च और याचिका—
राहुल ने बताया कि CJI जस्टिस सूर्यकांत ने उनके पत्र का जवाब देते हुए याचिका दायर करने का रास्ता बताया है। हम सुप्रीम कोर्ट का सम्मान करते हैं, हमें खुशी है कि उन्होंने हमें आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया है।
उन्होंने ऐलान किया कि आज INDIA ब्लॉक के नेता बाराखंभा रोड, कनॉट प्लेस से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे और CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका दायर करेंगे। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा होने तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
जंतर-मंतर बना कंटोनमेंट—
गौरतलब है कि आज सुबह ही गृह मंत्रालय ने जंतर-मंतर को अधिकृत धरना स्थल से हटाकर रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और CBD ग्राउंड को नया प्रोटेस्ट स्थल घोषित किया है।



