
BIHAR:- मधुबनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आर्केस्ट्रा से 6 नाबालिग लड़कियों को कराया रेस्क्यू, 2 आर्केस्ट्रा संचालक गिरफ्तार
मधुबनी- 10 अक्टूबर। नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक आर्केस्ट्रा पर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने मौके से छह नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया। जिन्हें नाबालिग होने के कारण तत्काल विमुक्त कर दिया गया। वहीं पुलिस ने इस अवैध धंधे में लिप्त दो मुख्य संचालकों को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार संचालकों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के कैटोला निवासी प्रेम पासवान और पंडौल थाना क्षेत्र के तेतराहा निवासी बजरंगी मुखिया के रूप में हुई है। यह पूरी कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के निर्देश पर की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था। इस छापेमारी टीम में नगर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर मनोज कुमार और महिला थानाध्यक्ष रीना भारती सहित अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे। गुप्त सूचना मिली थी कि इन आर्केस्ट्रा संचालकों द्वारा नाबालिग लड़कियों से अजब-गजब और अश्लील गानों पर डांस कराया जा रहा है, जो कि मधुबनी जिले में पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। सूत्रों के अनुसार साइबर डीएसपी द्वारा भी जिले के अन्य दर्जन भर से अधिक आर्केस्ट्रा केंद्रों पर काम करने वाली कई नाबालिग लड़कियों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए गहन छानबीन और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।



