
बिहार संस्कृत बोर्ड अध्यक्ष मृत्युंजय झा ने 1 महीने का मानदेय बाढ़ पीड़ितों के लिए किए दान, CM राहत कोष में दिए 2.25 लाख
पटना- 29 सितंबर। बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भेंट कर मुख्यमंत्री बाढ़ राहत कोष में अपने एक माह के मानदेय के रूप में 2 लाख 25 हजार रुपये का चेक समर्पित किया। श्री झा ने कहा कि मिथिला और चंपारण सहित बिहार के कई इलाकों में बाढ़ से हजारों परिवार प्रभावित हुए हैं। ऐसे में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए यह एक छोटा-सा सामाजिक प्रयास है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी आगे आने की अपील की।
मध्यमा परीक्षा-2027 और संस्कृत शिक्षा पर चर्चा—
भेंट के दौरान श्री झा ने बोर्ड द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। विशेष रूप से मध्यमा परीक्षा-2027, संस्कृत शिक्षा के विस्तार, नए प्रस्तावित संस्कृत विद्यालयों और शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि संस्कृत शिक्षा को नई पीढ़ी से जोड़ने और अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर श्री झा ने मिथिला की परंपरा के प्रतीक मखाना की माला, मिथिला पेंटिंग, मिथिला पेंटिंग की चादर और मिथिला पाग भेंट कर मुख्यमंत्री का सम्मान किया।



