
MADHUBANI:- नहीं रहीं स्टेट अवार्डी जितवारपुर की मधुबनी पेंटिंग की वरिष्ठ कलाकार हीरा देवी, कला जगत में शोक की लहर
मधुबनी- 26 सितंबर। मिथिला चित्रकला की सशक्त हस्ताक्षर और 65 के दशक की वरिष्ठ कलाकार हीरा देवी (85) का आज निधन हो गया। उनके निधन की खबर से मिथिला के कला जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। जितवारपुर की रहने वाली हीरा देवी पद्मश्री सीता देवी की समकालीन कलाकार थीं। उन्होंने 65 के दशक से ही अपनी तूलिका से मधुबनी पेंटिंग को नई पहचान दी और कतहक शैली में महारत हासिल की।
हीरा देवी को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए स्टेट अवार्ड, दिल्ली साहित्य पुरस्कार, सूरजकुंड टूरिज्म अवार्ड, गुरु-शिष्य परंपरा अवार्ड सहित कई सम्मानों से नवाजा गया था। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया गया था।.उनके निधन को मधुबनी पेंटिंग के एक युग का अंत माना जा रहा है।
उनके निधन पर स्टेट अवार्डी रेमंत मिश्रा सहित स्थानीय कलाकारों और बुद्धिजीवियों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। रेमंत मिश्रा ने बताया कि हीरा देवी की सबसे बड़ी विशेषता थी कि वे सदैव युवा कलाकारों को निशुल्क कला का प्रशिक्षण देती रही हैं। उनसे प्रशिक्षण प्राप्त कई दक्ष कलाकार आज देशभर में कला के क्षेत्र में सफलता का परचम लहरा रहे हैं।



