
पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव बेउर जेल से रिहा
पटना- 28 जुलाई। जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव मंगलवार शाम बेउर केंद्रीय कारा से रिहा हुए।जेल से बाहर निकलते ही समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया और नारेबाजी की। इसके बाद तेज प्रताप सीधे कार से अपने आवास के लिए रवाना हो गए।
बिहार सरकार ने सोमवार देर रात छात्र आंदोलन में शामिल प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने और उन्हें रिहा करने का आदेश जारी किया था। इसी निर्णय के तहत तेज प्रताप यादव समेत अन्य बंद छात्रों और प्रदर्शनकारियों की भी रिहाई हुई।
उल्लेखनीय है कि बीते 25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान तेज प्रताप यादव छात्र आंदोलन में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शन में भाग लेते हुए तिरंगा भी लहराया था। शुरुआती दौर में पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर कुछ देर बाद छोड़ दिया था, लेकिन उसी दिन देर शाम पटना के एक मॉल के पास से दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद देर रात उन्हें मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में पेश किया गया, जहां से 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में बेउर जेल भेज दिया गया था।



