मधुबनी- 31 अक्टूबर। जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा एवं एसपी सुशील कुमार सहित कई वरीय अधिकारियों की उपस्थिति में अंधराठाढ़ी प्रखंड के गनौली पंचायत में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजित हुआ। जिसमें भारी संख्या में आमजनों के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। जनसंवाद कार्यक्रम में सरकार की कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं अधिकारियों को कई लाभुकों ने अपना-अपना अनुभव भी साझा किया। तथा फीडबैक भी दिया। कार्यक्रम को जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा ने सम्बोधित करते हुए कहा कि पूर्ण पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ अधराठड़ी प्रखंड में विकासात्मक एवं लोक कल्याणकारी योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होने ने कहा कि आमजन तक सरकार की सभी कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और जनता व प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय कायम करने के साथ महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त करना जनसंवाद का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम में प्राप्त सुझाव एवं फीडबैक पर त्वरित कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न कल्याणकारी एवं विकास की योजनाओं की जानकारी अत्यंत जरूरी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील किया कि प्राप्त जानकारी को अधिक से अधिक लोगो तक पहुचाये, ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सके। जिलाधिकारी ने जल संरक्षण पर बल देते हुए लोगों से अपने निजी चापाकलों पर सोख्ता निर्माण,छत वर्षा जल संचयन व्यवस्था स्थापित करने का अपील भी किया। उन्होंने कहा कि समाज सुधार अभियानों के द्वारा सामाजिक स्तर पर भी बहुत परिवर्तन आया है। लड़कियाँ शिक्षा क्षेत्र में काफी बढ़ी हैं। शराब बंदी, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा पर रोक,महिलाओं को आरक्षण इत्यादि ने महिला सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाई है। जिलाधिकारी ने मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि संविधान प्रदत्त वयस्क मताधिकार बहुमूल्य है। अधिक से अधिक लोग वोटरलिस्ट में अपना नाम अवश्य जुड़वाए। जिलाधिकारी ने कहा कि विकास एक निरंतर प्रक्रिया है, सुधार की हमेशा अपेक्षा एवं संभावना बनी रहती है। जहां कहीं भी कमी है, वहां सुधार करेंगे। लक्ष्य एवं उपलब्धि के गैप को पूरा करेंगे। वहीं एसपी सुशील कुमार ने डायल 112,महिला हेल् डेस्क,अपराध नियंत्रण,साइबर अपराध आदि को लेकर विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त विशाल,एसडीओ झंझारपुर,डीपीआरओ परिमल कुमार, ओएसडी अमेत विक्रम बेनामी,जिला कृषि पदाधिकारी,जिला शिक्षा पदाधिकारी,सहायक निर्देशक सामाजिक सुरक्षा,जिला पशुपालन पदाधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी,स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं काफी संख्या में आमजनों ने भाग लिया।
