
काशी पूरे देश के लिए बन सकता है विकास का रोडमैपः PM
नई दिल्ली- 17 दिसंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि काशी पूरे देश के लिए विकास का रोडमैप बन सकता है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में ज्यादातर शहर पारंपरिक हैं और उसी तरीके से विकसित भी हुए हैं। आधुनिकीकरण के इस दौर में विकास के साथ इन शहरों की प्राचीनता भी बेहद महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री ने काशी में आयोजित अखिल भारतीय मेयर सम्मेलन को संबोधित करते हुए शहरों को स्वच्छ रखने और सुनियोजित ढ़ंग से सजाने, संवारने और विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने मेयरों से अपील की कि वे काशी आएं हैं तो उसका भ्रमण करें और अपने सुझाव दें कि इसे कैसे और बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सभी मेयर अपने अनुभव साझा करें और एक-दूसरे के बेहतर। कार्यों से सीख लें।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे ज्यादातर शहर पारंपरिक हैं और उसी ढ़ंग से विकसित हुए हैं। ज्यादातर शहर नदियों के किनारे बसे हैं। उन्होंने मेयरों से कहा कि हमें अपने शहर में हर वर्ष 7 दिन के लिए नदी उत्सव मनाना चाहिए। उसमें पूरे शहर को जोड़ना चाहिए। इस उत्सव में नदी की सफाई, उसकी विशेषता पर फोकस होना चाहिए। उन्होंने काशी का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां के गंगा घाट पर दुनियाभर के पर्यटक आते हैं। काशी की अर्थव्यवस्था को चलाने में मां गंगा का बहुत बड़ा योगदान है।



