विश्व

PAKISTAN:- पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान मेडिकल जांच में फिट पाए गए, वापस रावलपिंडी जेल भेजा गया

इस्लामाबाद- 21 अगस्त। संघीय सरकार के सूचनामंत्री अताउल्लाह तरार ने शुक्रवार को कहा कि उच्चतम न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) के आदेश का पालन करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को 21 अगस्त की सुबह स्वास्थ्य परीक्षण (मेडिकल टेस्ट) के लिए अस्पताल ले जाया गया और फिर वहां से वापस रावलपिंडी सेंट्रल जेल (आदियाला जेल) भेज दिया गया।

तरार ने एक्स पर जारी बयान में कहा कि इमरान को 20 और 21 अगस्त की रात “उचित सुरक्षा इंतजाम” के साथ अस्पताल ले जाया गया। वहां कुशल डॉक्टरों की एक टीम ने विस्तृत जांच की। टीम ने इमरान को मेडिकल जांच में फिट करार दिया है। तरार ने दावा किया कि मेडिकल जांच प्रक्रिया के दौरान इमरान की बहन उज्मा खान मौजूद रहीं। उन्होंने कहा, “प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुबह करीब 5 बजे इमरान को वापस आदियाला जेल ले जाया गया।”

तरार ने दूसरी पोस्ट में कहा कि इमरान के स्वास्थ्य की जांच पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पिम्स) में की गई। इस प्रक्रिया में शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल के डॉक्टर भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल के रास्ते में और अस्पताल के बाहर पीटीआई कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और सुरक्षा स्थिति के कारण इमरान को पिम्स ले जाया गया।

द न्यूज इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, तरार का यह बयान मीडिया रिपोर्टों के कुछ घंटों बाद आया, जिनमें कहा गया कि शुक्रवार सुबह इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल में इमरान की मेडिकल जांच हुई। इमरान को कड़ी सुरक्षा के बीच आदियाला जेल के गेट नंबर 1 से इस्लामाबाद के अस्पताल ले जाया गया।

पाकिस्तान के उच्चतम न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री की स्वास्थ्य स्थिति पर विचार करने के बाद उन्हें दो दिनों के भीतर मेडिकल सुविधा में स्थानांतरित करने का आदेश दिया था। इसके बाद सरकार ने इस फैसले के खिलाफ समीक्षा याचिका दायर की। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार ऑफिस ने गुरुवार सुबह कुछ आपत्तियां जताते हुए पुनर्विचार याचिका वापस कर दी।

इस बीच, संघीय मंत्री तारिक फजल चौधरी ने 73 वर्षीय इमरान को इलाज के लिए विदेश भेजने की संभावना जताई है। इमरान अगस्त 2023 से जेल में हैं। उन्हें कई मामलों में दोषी ठहराया गया है। अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के जरिये प्रधानमंत्री पद से हटाए जाने के बाद से उन्हें अनेक मामलों का सामना करना पड़ रहा है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!