
MADHUBANI:- डीएम ने मैथिली में की अपील- खाली करूं सरकारी जमीन, अन्यथा हैत कार्रवाई
मधुबनी- 26 नवंबर। मधुबनी जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने मैथिली में वीडियो संदेश जारी कर जिले के लोगों से सरकारी जमीन पर से अतिक्रमण स्वेच्छा से हटाने की अपील की है। उन्होंने साफ कहा है कि अगर तय समय तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।
डीएम ने अपने संदेश में कहा कि सड़क, नाला, पोखर, रेलवे की जमीन और अन्य सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जा किया गया है। सरकारी जमीन किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा संपत्ति है। इसका उपयोग जनहित में होना चाहिए। अतिक्रमण रोकना सिर्फ प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
डीएम ने बिहार सार्वजनिक भूमि अतिक्रमण अधिनियम 1956 की धारा 3, 5, 6, 7 का हवाला देते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा के बाद प्रशासन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगा और हटाने में होने वाला खर्च भी अतिक्रमणकारी से ही वसूला जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोगों को स्वयं आगे आकर अतिक्रमण हटाना चाहिए, ताकि उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े। वीडियो के कमेंट में भी लोगों ने गांव-वार्ड में सड़क, पोखर, स्कूल और मंदिर की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायतें लिखी हैं। कई लोगों ने डीएम के मैथिली में अपील करने की सराहना भी की है।



