
MADHUBANI:- घोघरडीहा रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की मांग, मिथलांचल संघर्ष समिति ने DRM को सौंपा ज्ञापन – 27 सितंबर को धरना की चेतावनी
मधुबनी – 15 सितंबर। मिथलांचल संघर्ष समिति, मधुबनी ने घोघरडीहा रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव सहित 7 सूत्री मांगों को लेकर पूर्व मध्य रेलवे, समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा है। समिति के अध्यक्ष सह आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष (कार्यक्रम प्रकोष्ठ) इं. गौरीशंकर यादव के नेतृत्व में यह पत्र दिया गया है। मौके पर समिति सचिव धर्मेंद्र कुमार मंडल, संयोजक शंकर झा सहित कई सदस्य मौजूद थे।
पत्र में कहा गया है कि घोघरडीहा रेलवे स्टेशन समस्तीपुर मंडल के महत्वपूर्ण स्टेशनों में से एक है। राजस्व के मामले में सबसे अधिक आय देने वाला स्टेशन है, इसके बावजूद यहां लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव नहीं दिया जा रहा है। इससे हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक विचार नहीं किया गया तो 27 सितंबर 2026 को दिन के 11 बजे घोघरडीहा रेलवे स्टेशन पर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
समिति की 7 प्रमुख मांगें—
— गाड़ी संख्या 14627/14628 सहरसा-छरहट्टा एक्सप्रेस का घोघरडीहा में ठहराव किया जाए।
— गाड़ी संख्या 05735/05736 अमृतसर-कटिहार एक्सप्रेस का ठहराव किया जाए।
— गाड़ी संख्या 14663/14664 न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर एक्सप्रेस (अप/डाउन) का नियमित ठहराव किया जाए।
— घोघरडीहा से घोघेपुर तक नई रेल लाइन का निर्माण कार्य शुरू किया जाए।
— घोघरडीहा स्टेशन के पूर्वी गुमटी से किसनीपट्टी मिलान पथ तक संपर्क पथ का निर्माण किया जाए।
— परसा-बसुआरी हॉल्ट पर यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाए।
— चिकना रेलवे हॉल्ट पर जोगबनी-दानापुर एक्सप्रेस (13211/13212) का ठहराव एवं यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाए।



