
MADHUBANI शहर में अतिक्रमण पर नगर निगम का बुलडोजर: बुबना उद्यान क्षेत्र में 24 मकानों के हिस्से ध्वस्त, 50 से अधिक दुकानें हटाईं
मधुबनी- 11 सितंबर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और प्रस्तावित सड़क निर्माण को प्रशस्त करने के लिए नगर निगम ने शुक्रवार को अतिक्रमण के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। शहर के बुबना उद्यान क्षेत्र से शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत प्रशासनिक टीम ने बुलडोजर चलाकर दो दर्जन से अधिक मकानों के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। 50 से ज्यादा दुकानों को सड़क किनारे से हटवा दिया।
यह कार्रवाई आरके कॉलेज गेट से शुरू होकर गदियानी और संतूनगर होते हुए बुबना उद्यान तक प्रस्तावित नई सड़क को पूरी तरह से अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए की गई है। इस मार्ग पर लंबे समय से स्थानीय लोगों और दुकानदारों द्वारा अवैध कब्जा किया गया था, जिससे सड़क निर्माण का कार्य बाधित हो रहा था। कार्रवाई शुरू करने से पहले नगर निगम के अधिकारियों और राजस्व अमीनों की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क की आधिकारिक सीमा का चिन्हित किया। इसके बाद नगर निगम की टीम ने बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की। सड़क की नापी में आ रहे लगभग दो दर्जन (24) मकानों के अवैध हिस्सों को निशाना बनाया गया। कहीं बाउंड्री वॉल गिराई गई, तो कहीं सड़क की ओर निकले हुए छज्जों और कमरों के अग्रिम हिस्सों को ध्वस्त किया गया। सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित 50 से अधिक स्थायी और अस्थायी दुकानों, ठेले-खोमचे और शेड्स को पूरी तरह हटा दिया गया। कार्यवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति या स्थानीय विरोध से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी।
नगर निगम के सिटी मैनेजर विनय प्रकाश ने बताया कि यह कार्रवाई एक दिन तक सीमित नहीं है। आने वाले निर्धारित दिनों में भी चिन्हित क्षेत्रों में अतिक्रमण खाली कराई जाएगी। लोगों को सड़क की सरकारी जमीन से स्वतः अतिक्रमण हटा लेना चाहिए, अन्यथा निगम द्वारा कार्रवाई की जाएगी और हर्जाना भी वसूला जाएगा।



