
BPSC समेत सभी भर्ती परीक्षाओं में होगा बड़ा सुधार, पटना हाईकोर्ट के जस्टिस हरीश कुमार बने परीक्षा सुधार समिति के अध्यक्ष
पटना- 01 सितंबर। बिहार सरकार ने राज्य में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और व्यापक सुधार के लिए गठित की गई परीक्षा सुधार विशेषज्ञ समिति के अध्यक्ष का ऐलान कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना सं. 21 आयोग 11/2026, सा.प्र. 15954, दिनांक-01.09.2026 के अनुसार, पटना उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीश न्यायमूर्ति हरीश कुमार को इस विशेषज्ञ समिति का अध्यक्ष अधिसूचित किया गया है।
23.08.2026 को सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना सं. 15441 के तहत राज्य सरकार के अधीन विभिन्न परीक्षा बोर्ड, आयोगों, विश्वविद्यालयों एवं अन्य भर्ती एजेंसियों द्वारा ली जाने वाली परीक्षाओं में व्यापक सुधार की अनुशंसा हेतु एक विशेषज्ञ समिति के गठन का प्रावधान किया था।
24.08.2026 को विभाग द्वारा उच्च न्यायालय, पटना से अनुरोध किया गया था। इसके आलोक में महानिबंधक, उच्च न्यायालय, पटना ने पत्रांक 78985, दिनांक 28.08.2026 द्वारा माननीय जस्टिस हरीश कुमार के नाम का प्रस्ताव दिया था। उसी प्रस्ताव पर राज्य सरकार ने उन्हें अध्यक्ष के रूप में अधिसूचित किया है। यह समिति बिहार लोक सेवा आयोग, बिहार कर्मचारी चयन आयोग, बिहार तकनीकी सेवा आयोग, बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग और बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग समेत सभी भर्ती परीक्षाओं की प्रणाली में सुधार को लेकर अपनी अनुशंसा सरकार को देगी।



