
MADHUBANI: फ्लिपकार्ट डिलीवरी बॉय से लूट का 2 घंटे में उद्भेदन, 2 नाबालिक धराए, कट्टा और लूटी बाइक बरामद
मधुबनी – 01 सितंबर। मधुबनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई का मिसाल पेश किया है। रुद्रपुर और फुलपरास थाना की संयुक्त कार्रवाई में फ्लिपकार्ट डिलीवरी बॉय से दिनदहाड़े हुई लूट का महज 2 घंटे के अंदर सफल उद्भेदन कर लिया गया। पुलिस ने 1 अवैध देशी कट्टा, लूटी गई बाईक, मोबाइल और डिलीवरी पार्सल के सामान के साथ 2 विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया है।
31 अगस्त को दोपहर करीब 1 बजे डिलीवरी बॉय मनोज मिश्र ग्राम भगवतीपुर से पार्सल डिलीवरी कर लौट रहे थे। रुद्रपुर बगीचा नहर के पास बाइक पर सवार 3 अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर उनकी बाइक, मोबाइल, कलेक्शन का नकद और पार्सल से भरा बैग लूट लिया। पीड़ित ने तुरंत रुद्रपुर थाना को सूचना दी। रुद्रपुर पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए लूटे गए मोबाइल का टावर लोकेशन निकाला, जो फुलपरास थाना क्षेत्र के ग्राम बाराघाट के पास मिला। सूचना फुलपरास पुलिस को दी गई। फुलपरास पुलिस ने बाराघाट-एकडारा मार्ग पर घेराबंदी कर पंचर दुकान के पास से भाग रहे 2 नाबालिक को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने बिरेन्द्र सोनी के साथ लूट में शामिल होने की बात स्वीकार की। फुलपरास और रुद्रपुर थाना में सुसंगत धाराओं में कांड दर्ज कर दोनों को निरुद्ध किया गया है। फरार मुख्य अभियुक्त बिरेन्द्र सोनी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
बरामदगी
1.देशी कट्टा – 1
2.लूटी गई बाईक – 1
3.घटना में प्रयुक्त बाईक – 1
4.मोबाइल – 1
5.लूटा गया डिलीवरी सामान



