
जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास के छात्रों के साथ मुख्यमंत्री ने किया संवाद, कहा- छात्रों के समस्याओं का शीघ्र होगा समाधान
पटना- 07 अगस्त। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पटना के कंकड़बाग स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास का निरीक्षण कर वहां आवासित छात्रों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
उन्होंने छात्रावास में रह रहे छात्रों से संवाद कर पठन-पाठन,आवास,भोजन एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। छात्रों ने मुख्यमंत्री को बताया कि छात्रावास में अध्ययन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं, प्रतिमाह 2,000 रूपये की सहायता राशि भी मिलती है, परिसर का नियमित रख-रखाव एवं साफ-सफाई की जाती है तथा पुस्तकालय की सुविधा भी उपलब्ध है। छात्रों ने डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्था किए जाने का मुख्यमंत्री से अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छात्रावास आप सभी छात्रों के लिए घर के समान है। आपकी जो भी समस्याएं हैं, उनका शीघ्र समाधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं आम लोगों तक बेहतर एवं सुलभ ढंग से पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्रों से पूरी लगन एवं समर्पण के साथ अध्ययन कर राज्य और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जननायक कर्पूरी ठाकुर की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रधान सचिव दीपक कुमार, पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव के सेंथिल कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह,पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।



