
MADHUBANI: पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय का धूमधाम से मनाया गया स्थापना दिवस, मौके पर बोले प्राचार्य डा. प्रमोद, कहा- शिक्षा से बनता है व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता
मधुबनी- 05 अगस्त। जिला मुख्यालय के रांटी स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में बुधवार को स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के डीपीओ आनंद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
डीपीओ ने विद्यालय परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने वाला देश का एक प्रतिष्ठित संस्थान है।
वहीं विद्यालय के प्राचार्य डा. प्रमोद कुमार महतो ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में सफलता का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन,नैतिक मूल्यों और नेतृत्व क्षमता के विकास का आधार भी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से परिश्रम,अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। साथ ही शिक्षकों से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने की अपील की।
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्राचार्य ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि शिक्षा एवं संस्कार के बल पर ही देश का भविष्य सुदृढ़ होगा। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।



