
BIHAR:-15 हजार रुपए घुस लेते डुमरिया का पंचायत सचिव गिरफ्तार
बेतिया- 05 अगस्त। पश्चिम चंपारण में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नरकटियागंज स्थित डुमरिया पंचायत के पंचायत सचिव को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ धर दबोचा।
आरोपित रिश्वत खोर पंचायत सचिव शंकर प्रसाद मलदहिया पोखरिया पंचायत के एक मदरसा में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान ही संवेदक से रिश्वत की राशि ले रहा था। नल-जल योजना के बकाए भुगतान की एवज में रिश्वत की मांग पंचायत सचिव द्वारा की गई थी।
पंचायत सचिव डुमरिया व मलदहिया पंचायत का पंचायत सचिव है और वह मूलतः बगहा के चौतरवा गांव का निवासी है।बताया जाता है कि नल-जल योजना के तहत डुमरिया पंचायत में किए गए कार्य के 78 हजार रुपए का भुगतान लंबित है। इस बकाए राशि को जारी करने के लिए पंचायत सचिव ने कुल 28 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
पीड़ित संवेदक मलदहिया गांव निवासी परवेज कौशर द्वारा इसकी शिकायत निगरानी ब्यूरो में की गई। शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी की टीम ने जाल बिछाया। पंचायत सचिव ने जैसे ही पहली किस्त के 15 हजार रुपए लिए वैसे ही पहले से घात लगाए बैठी टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।बाद में टीम पंचायत सचिव को लेकर उसके किराए के मकान में गयी।वहां भी टीम ने कई कागजात इकट्ठे किए।उसके बाद आरोपी से पूछताछ के लिए टीम उसे नरकटियागंज चीनी मिल के गेस्ट हाउस ले गयी।जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
पूछताछ के बाद निगरानी टीम उसे पटना लेकर चली गई।निगरानी डीएसपी कृपाल चंद जायसवाल ने बताया कि संवेदक की शिकायत पर पंचायत सचिव को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है।रिश्वत में लिए गए 15 हजार रुपए भी बरामद किए गए हैं।



