
BIHAR:- सीवान में आदेश मिलते ही रातो-रात मंडल कारा में बंद 17 प्रदर्शनकारी किये गए रिहा
सीवान- 30 जुलाई। बिहार बंद के दौरान हुई हिंसा और पथराव के मामले में न्यायिक हिरासत में भेजे गए 17 प्रदर्शनकारियों को बुधवार की देर रात मंडल कारा से रिहा कर दिया गया।
न्यायालय से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने पर सभी प्रदर्शनकारी देर रात जेल से बाहर निकले. रिहाई की सूचना मिलते ही उनके परिजन और समर्थक बड़ी संख्या में मंडल कारा के बाहर पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों के बाहर आते ही परिजनों ने उन्हें गले लगाकर खुशी जताई, जिससे जेल परिसर के बाहर भावुक माहौल देखने को मिला.जानकारी के अनुसार बुधवार की देर शाम न्यायालय से आदेश मिलने के बाद जेल प्रशासन ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद बुधवार देर रात सभी 17 प्रदर्शनकारियों को रिहा कर दिया गया। रिहा होने वालों के बाहर आते ही उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। कई लोग घंटों से जेल के बाहर अपने परिजनों के बाहर आने का इंतजार कर रहे थे। जेल परिसर के बाहर छात्र संगठनों और समर्थकों की भी अच्छी-खासी भीड़ जुटी रही।
रिहा हुए प्रदर्शनकारियों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी और खुशी का इजहार किया. हालांकि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जेल परिसर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस ने पूरी स्थिति पर नजर बनाए रखी और किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं होने दी।
गौरतलब हो कि 25 जुलाई को शहर में बंद के दौरान जेपी चौक और गांधी मैदान के पास प्रदर्शन हिंसक हो गया था। पथराव, झड़प और पुलिस कार्रवाई के बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया था। बाद में विभिन्न मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर कई लोगों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। मामले में पुलिस अब भी अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। इधर रिहा हुए प्रदर्शनकारियों के परिजनों ने न्यायालय के फैसले पर संतोष जताया।
उनका कहना था कि उनके परिजन घर लौट रहे हैं, जिससे पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी और गश्त भी लगातार जारी है।



