
मधुबनी के विकास पर विधायक माधव आनंद ने पेश किया 8 माह का रिपोर्ट कार्ड, ROB, रिंग रोड, केंद्रीय विद्यालय समेत कई परियोजनाओं में प्रगति का दावा
मधुबनी- 15 जुलाई। मधुबनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के नेता विधायक दल, बिहार विधानसभा की शून्यकाल समिति के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय प्रधान महासचिव माधव आनंद ने अपने कार्यकाल के लगभग आठ माह पूरे होने पर विकास कार्यों और जनसेवा का विस्तृत दस्तावेज़ी रिपोर्ट कार्ड जनता के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के प्रति जवाबदेही और पारदर्शिता जनप्रतिनिधि का नैतिक दायित्व है। इसी भावना के तहत वे अपनी पहल, विभागीय पत्राचार, स्वीकृतियाँ और आधिकारिक दस्तावेज़ भी क्रमवार सार्वजनिक कर रहे हैं।
विधायक ने बताया कि पिछले आठ महीनों में अस्पतालों में मरीजों के उपचार, बिजली, पेयजल, प्रशासनिक सहायता तथा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की मदद को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। साथ ही हजारों छोटी-बड़ी जनसमस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि मधुबनी के दीर्घकालिक विकास को ध्यान में रखते हुए केंद्र और बिहार सरकार के विभिन्न विभागों के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
रेलवे गुमटी संख्या-13 पर बहुप्रतीक्षित रेल ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण के लिए रेलवे, RITES, रेलवे बोर्ड और राज्य सरकार के साथ लगातार समन्वय किया गया। इसके तहत संयुक्त व्यवहार्यता अध्ययन (Joint Feasibility Study), डीपीआर (DPR) और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। वहीं निधि चौक से रेलवे स्टेशन तक सड़क चौड़ीकरण के लिए वन विभाग की एनओसी प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। हनुमान मंदिर से रेलवे गुमटी-13 तक सड़क को ग्रामीण कार्य विभाग (RWD) से पथ निर्माण विभाग (RCD) में स्थानांतरित कराया गया तथा रेलवे की आवश्यक एनओसी भी प्राप्त कर ली गई है।
विधायक ने बताया कि कोतवाली चौक से एनएच-57 (पेठघाट) सड़क, मधुबनी रिंग रोड और कनकपुर-जगतपुर सड़क परियोजनाओं को भी गति मिली है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई नई सड़क योजनाओं का शुभारंभ कराया गया है तथा सिंघानिया चौक और आर.के. कॉलेज क्षेत्र में पीसीसी सड़क एवं नाला निर्माण कार्य स्वीकृत होकर प्रगति पर है।
शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण पहल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वाटसन स्कूल परिसर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, वाटसन स्कूल को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने, मिथिला हाट, एमएसएमई एक्सटेंशन सेंटर, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP), डिग्री कॉलेज और सरकारी छात्रावास जैसी परियोजनाओं पर सकारात्मक प्रगति हुई है। इसके साथ ही पंडौल औद्योगिक क्षेत्र के विकास और निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।
विधायक माधव आनंद ने बताया कि सकरी और रैयाम चीनी मिलों के पुनः संचालन को बिहार सरकार की स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि लोहट चीनी मिल के पुनर्जीवन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। उनका कहना है कि इन परियोजनाओं के शुरू होने से किसानों, युवाओं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि लगभग 19.73 करोड़ रुपये की लागत से अटल कला भवन की स्वीकृति, पंडौल में पुरानी कमला नदी की उड़ाही, खजूरी पंचायत की वितरिका नहर, नगर निगम के लिए अतिरिक्त राशि, 100 सबमर्सिबल पंप, BUDCO की स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम (SWD) योजना, श्री श्री 108 उग्रनाथ महादेव मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा दरभंगा एयरपोर्ट से बेहतर सड़क संपर्क जैसी कई योजनाओं पर भी लगातार कार्य किया जा रहा है।
माधव आनंद ने कहा कि यह केवल प्रमुख उपलब्धियों का संक्षिप्त विवरण है। कई योजनाएँ अभी विभिन्न विभागों में प्रक्रियाधीन हैं, जबकि कई परियोजनाएँ स्वीकृति, निविदा और कार्यारंभ की प्रक्रिया में हैं। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख परियोजनाओं से संबंधित विभागीय दस्तावेज़ उपलब्ध हैं और उन्हें चरणबद्ध तरीके से सार्वजनिक किया जाएगा।
उन्होंने घोषणा की कि बिहार विधानसभा के मानसून सत्र की समाप्ति के बाद विस्तृत प्रेस वार्ता कर सभी परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति और आगामी विकास योजनाओं की जानकारी दस्तावेज़ों के साथ साझा की जाएगी।
अंत में विधायक ने कहा, “मैं यह नहीं कहता कि सब कुछ पूरा हो गया है। अभी बहुत कुछ करना बाकी है, लेकिन मधुबनी के विकास के प्रति मेरी नीयत, मेहनत और प्रतिबद्धता में कभी कोई कमी नहीं आएगी। मेरा जवाब किसी व्यक्ति को नहीं, बल्कि केवल मधुबनी की जनता को है। जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति और प्रेरणा है।”



