
MADHUBANI:- बलॉट गांव के मनटोला में कलयुगी देवर ने भाभी की कुदाल के बेंट से पीट-पीटकर की हत्या, आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए सकरी थाना पुलिस कर रही छापेमारी
मधुबनी- 14 जुलाई। सकरी थाना क्षेत्र के बलांट गांव के मनटोला में कलयुगी देवर ने अपनी ही भाभी की कुदाल के बेंट से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान बलांट गांव निवासी रामबली पासवान की पत्नी दामो देवी के रूप में हुई है। इस वारदात के बाद से आरोपी देवर त्रिबलि पासवान मौके से फरार हो गया। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि कल रात्रि आरोपी देवर त्रिबलि पासवान गांव में लगे एक सड़क निर्माण के सरकारी बोर्ड को उखाड़ रहा था, जब उसकी भाभी ने उसे ऐसा करने से मना किया और सामाजिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने की नसीहत दी, तो आरोपी गुस्से से आगबबूला हो गया।
विवाद इतना बढ़ा कि उसने पास में रखी कुदाल का बेंट उठाया और महिला के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना जोरदार था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गयी। हत्या के बाद मृतका अपने पीछे तीन छोटे-छोटे मासूम बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले बलांट गांव पहुंचे, जहां मृतिका के परिजन ने आरोपी देवर के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है। मायके पक्ष के लोग पुलिस प्रशासन से हत्यारे की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और सख्त से सख्त सजा की मांग की है।
मामले की जानकारी मिलते ही सकरी थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया। सकरी थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। फरार आरोपी त्रिबलि पासवान की धड़पकड़ के लिए पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



