
MADHUBANI:- कपिलेश्वर में उपयोग के लायक नहीं रहा सार्वजानिक शौचालय, खुले में शौच जाने को मजबूर लोग
मधुबनी- 13 मई। मिथिला का प्राचीन धार्मिक स्थल रहिका प्रखंड के प्रसिद्ध कपिलेश्वर मंदिर परिसर स्थित सार्वजानिक शौचालय की स्थिति इतनी बदतर बनी है कि लोग चाहकर भी इसका उपयोग नहीं कर रहे हैं। सफाई न होने से लोग खुले में शौच जाने को मजबूर हो रहे हैं। गंदगी से पटा इस सार्वजानिक शौचालय की ओर रहिका प्रखंड और अंचल प्रशासन की नजर नहीं पहुंच रही है।
कपिलेश्वर महादेव मंदिर परिसर का यह शौचालय स्वच्छता की धज्जियां उडा रहा है। शौचालय की साफ-सफाई नहीं होने से यहां पहुंचने वाले श्रद्घालु शौचालय का उपयोग नहीं कर रहे है। बता दें कि साल 2019 में शौचालय का निर्माण पंचायत द्वारा किया गया। लेकिन शौचालय की साफ-सफाई के लिए प्रखंड प्रशासन द्वारा किसी सफाई कर्मी को जिम्मेवारी नहीं दी गई। स्थानीय प्रेम कुमार मिश्रा ने बताया कि कपिलेश्वर मंदिर परिसर की साफ-सफाई कार्य पर ध्यान नहीं दिया जाता है। विवाह भवन के सामने शौचालय की हालत देखकर ही समझ में आ जाता है कि शौचालय की देखभाल की चिंता प्रखंड प्रशासन को नहीं है।शौचालय रख-रखाव के अभाव में गंदगी से पटे शौचालय मच्छर और बीमारियों के खतरा को बढा दिया है। कई शौचालयों की टंकियां टूटी हुई हैं। उनमें पानी की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे भयंकर दुर्गंध और गंदगी फैली रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। इधर, कपिलेश्वर स्थान मंदिर एंव धर्मशाला न्यास समिति के कोषाध्यक्ष आचार्य संतोष झा ने बताया कि फिलहाल शौचालय की देखभाल और साफ-सफाई की जिम्मेदारी पंचायत और प्रखंड प्रशासन की है। न्यास समिति को इन्वेंट्री मिलने के बाद कपिलेश्वर स्थान परिसर स्थित सार्वजानिक संपत्तियों की समुचित देखभाल की जाएगी।



