
MADHUBANI:- तीन कोविड केयर सेंटर को बंद करने का आदेश, झंझारपुर रहेगा चालू
मधुबनी-19 मार्च। जिले के तीन नर्सिंग संस्थानाें में संचालित कोविड केयर सेंटर को बंद करने का आदेश दे दिया गया है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव कौशल किशोर ने सदर अस्पताल मधुबनी के सिविल सर्जन डा.सुनील कुमार झा को आदेश जारी कर दिया है। इसकी जानकारी देते हुए सीएस ने बताया कि बिहार में कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर से उत्पन्न संक्रमण के रोकथाम एवं इसके निरोधात्मक उपाय के क्रम में जिले के विभिन्न नर्सिंग संस्थानों में कोविड केयर सेंटर खोले जाने का निर्णय लिया गया था। चूंकि अब तीसरी लहर का असर खत्म हो गया और सरकार द्वारा सभी शैक्षणिक संस्थान खोले जाने का निर्णय है। ऐसे में नर्सिंग संस्थानों में संचालित कोविड केयर सेंटर की व्यवस्था समाप्त कर ऑफलाइन पठन-पाठन का कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ किया जाएगा। जिले के जयनगर,बेनीपट्टी एवं रामपट्टी में नर्सिंग संस्थान में कोविड केयर सेंटर चल रहा था। मालूम हो कि कुछ दिनों पूर्व ही रामपट्टी कोविड केयर सेंटर से एंबुलेंस को भी वापस बुलाया गया था। अब वहां कार्यरत पारामेडिकल स्टाफ,चिकित्सकों की भी प्रतिनियुक्ति समाप्त कर दी जाएगी। जिससे अन्य स्वास्थ्य सेवाओं में मानव बल की बढ़ोत्तरी होगी। हालांकि झंझारपुर अनुमंडल के ट्रामा सेंटर में एक कोविड केयर सेंटर चालू रहेगा।



