
माता सीता की नैहर जनकपुर से ससुराल अयोध्या के लिए चली सरयू कमला एक्सप्रेस, जय सिया राम के जयकारों से गूंज उठा मधुबनी स्टेशन
मधुबनी- 28 नवंबर। त्रेता युग का नाता एक बार फिर जीवंत हो उठा। माता सीता की नैहर जनकपुर से उनकी ससुराल अयोध्या के लिए सरयू कमला एक्सप्रेस रवाना हुई तो पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। सरयू कमला एक्सप्रेस को मधुबनी स्टेशन पर पहुंचते ही जय सिया राम के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
भगवान श्रीराम के तिलकोत्सव का भार लेकर यह ट्रेन अयोध्या के लिए रवाना हुई। ट्रेन में सवार श्रद्धालु, तिलकहारू और जनकपुर के लोग इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने। मिथिला की परंपरा के अनुसार, बेटी के ससुराल तिलक का भार लेकर जाना सौभाग्य माना जाता है। उसी परंपरा को निभाते हुए जनकपुर से तिलकोत्सव का भार लेकर सरयू कमला एक्सप्रेस अयोध्या के लिए चली।
ट्रेन में सवार लोगों ने कहा कि यह सिर्फ एक ट्रेन यात्रा नहीं है, बल्कि सीता और राम के मिलन की परंपरा को फिर से जीवित करना है। जनकपुर से अयोध्या तक सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से अब यह रिश्ता और मजबूत हो गया है।
ट्रेन को फूलों और झालरों से सजाया गया था। श्रद्धालुओं ने माता जानकी और भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए। महिलाओं ने मंगल गीत गाए और तिलक का भार लेकर जा रहे लोगों को शुभकामनाएं दीं।
यात्रियों ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के ऐतिहासिक फैसले से जनकपुर-अयोध्या के बीच सीधी रेल सेवा शुरू हुई है। इससे दोनों देशों के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंध और मजबूत होंगे। यात्रियों ने कहा कि जनकपुर-अयोध्या ट्रेन परिचालन से न सिर्फ जनकपुर-अयोध्या का विकास होगा, बल्कि जयनगर का भी विकास होगा। जयनगर से अयोध्या तक सीधी रेल सेवा से यात्रा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। लोगों का कहना है कि इस ट्रेन सेवा से जानकी जन्मभूमि और राम जन्मभूमि के दर्शन करना अब और आसान हो जाएगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।



