
MADHEPURA:- गम्हरिया में परिवार पर जानलेवा हमला, पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल, 48 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली, बोले DSP- गिरफ्तारी के लिए चल रही छापेमारी
मधेपुरा- 28 नवंबर। जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कौड़ीहर गांव के वार्ड संख्या-11 में एक परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित चंदन कुमार ने गांव के ही बमबम यादव, अभिमन्यु यादव, उनकी पत्नी और बेटे पर हमला करने का आरोप लगाया है।
पीड़ित चंदन कुमार के अनुसार, वह अपने बेटे के साथ बाइक से सहरसा जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पीछे से पहुंचे आरोपितों ने उन्हें घेर लिया और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले में चंदन कुमार के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि उनके बेटे को भी काफी चोटें लगी हैं। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए पहुंचाया गया। घायलों की हालत को लेकर परिवार के लोग काफी चिंतित हैं।
घटना के बाद चंदन कुमार ने गम्हरिया थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि घटना के 48 घंटे बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। परिवार को डर है कि आरोपी फिर से हमला कर सकते हैं। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, इस संबंध में गम्हरिया थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस को आवेदन प्राप्त हुआ है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ईधर दूरभाष पर मधेपुरा डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।



