भारत

2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को कोई नहीं रोक सकता: उपराष्ट्रपति

काशी तमिल संगमम 5.0 का नमोघाट पर भव्य आगाज

वाराणसी, 28 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सभ्यतागत रिश्तों को नई ऊंचाई देने के लिए शनिवार को “काशी तमिल संगमम 5.0” का नमोघाट पर आगाज हुआ। 12 दिसम्बर तक चलने वाले 15 दिवसीय संगमम का उद्घाटन उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित और बटन दबाकर किया।

समारोह को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि 2047 के विकसित भारत के हमारे लक्ष्य को रोकने की शक्ति किसी देश में नहीं है। अर्थव्यवस्था के साथ हमें अपनी परंपराओं के साथ आगे बढ़ना होगा। केवल विकसित होना हमारा लक्ष्य नहीं, विकसित तो हम होंगे ही लेकिन अपनी संस्कृति, सभ्यता को अपनाते हुए। इस साल काशी तमिल संगमम में चौदह सौ लोग भाग लेंगे ये हमें बहुत संतुष्टि देता है। आप काशी विश्वनाथ से प्रार्थना करते हुए तमिलनाडु को राष्ट्रीयता की तरफ लेकर जाइये। सभी के लिए अपनी मां, मातृभाषा, धर्म उनके रूह के निकट है इसलिए हम सभी भाषा, संस्कृति, धर्म को स्नेह की भाषा से देखते हैं। हम सभी के चिंतन एक हैं।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि तमिलनाडु में सभी के मन में काशी को लेकर अलग स्थान है, काशी यात्रा तथा बाबा विश्वनाथ जी का दर्शन करना है। तमिलनाडु से यहां बुनकर शताब्दियों पहले आए थे तथा यहां से निर्यात को भी बढ़ावा दिया था। तमिल महाकवि सुब्रमण्यम भारती ने अपने जीवन के अधिकतम काल इसी काशी में व्यतीत किए थे।

उन्होंने कहा कि काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण की विशेषता थिरुक्कुरल को बढ़ावा देना है। कश्मीर से कन्याकुमारी, गुजरात से अरुणाचल हम सभी एक हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य है कि गंगा, कावेरी को जल्द ही मिलाना होगा, ताकि गंगा-कावेरी का भी संगम बने, ये हमारे लिए संकल्प है। उन्होंने कहा कि तमिल संस्कृति भारत का गौरव है। इसका उद्घोष प्रधानमंत्री सभी मंचों पर डंके की चोट पर कहते हैं। अंतरराष्ट्रीय सभा में भी वह तमिल कवियों के भावार्थों को उद्घोषित करते हैं जिसका अर्थ है हम सभी एक हैं।

उन्होंने कहा कि काशी तमिल संगमम के पहले संस्करण के बाद हमारे बीच के बंधन कम हुए हैं। इसी तरह द्वितीय सत्र में विनिमय, तीसरे संस्करण में मुनि अगस्त्य की ज्ञान परम्परा, चतुर्थ संस्करण में आओ तमिल सीखें का एक सुनहरा अवसर प्रदान किया। इस पांचवें संस्करण में भाग लेना मेरे लिए आनंद की बात है।

उपराष्ट्रपति ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के साथ उनकी दोस्ती पिछले 28 वर्षों की है। 1999 के कार्यक्रम में हम साथ में संसद में बैठते थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निमंत्रण पर उन्होंने अयोध्या में आयोजित छोटी दीपावाली के भव्य कार्यक्रम में भाग लिया था। मुख्यमंत्री के प्रयास से सच में वहां रामराज्य का निर्माण हुआ है। आज उत्तर प्रदेश के हर गली में महिला निर्भीक होकर जा सकती है। आज उत्तर प्रदेश अपने पतन से निकलकर ऊंचाई के शिखर को छू रहा है तथा देश की तीसरी अर्थव्यवस्था बना है। सकल घरेलू उत्पाद में उत्तर प्रदेश का योगदान नौ प्रतिशत से ज्यादा का है।

समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी तमिल संगमम का आयोजन भारत की सनातन परंपरा का एक उत्सव बन गया है। संत तिरुवल्लुवर के छंद संपूर्ण मानव सभ्यता को प्रदर्शित करते हैं। धर्म, अर्थ और काम भारत की सनातन परंपरा के मूल हैं। एक हजार शिक्षण संस्थानों को जोड़कर राष्ट्रीय शैक्षिक कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी अतिथि काशी के साथ प्रयाग व अयोध्या में भी दर्शन करेंगे।

योगी ने कहा कि संगम का अर्थ मिलकर एक बड़ी धारा को आगे बढ़ाना होता है। काशी में गंगा की ज्ञान परम्परा जब तमिल की पवित्र धारा से मिलता है तभी सनातन संस्कृति आगे बढ़ती है। पंद्रहवीं शताब्दी में पांड्यान साम्राज्य द्वारा काशी विश्वनाथ मंदिर का निर्माण कार्य कराया गया था। आज भी काशी के केदार घाट, हनुमान घाट पर तमिल संस्कृति जीवित है, इनको काशी का तमिल कहा जाता है। उन्होंने कहा कि काशी में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, रिंग रोड से परिवहन को नई आयाम मिला है। देश की पहली अर्बन रोपवे परियोजना काशी को नई आयाम देने जा रही है। आज काशी में चार स्तंभ पर कार्य हो रहे हैं, जिसमें ज्ञान, अध्यात्म, कनेक्टिविटी, हेरिटेज को शामिल किया गया है, ताकि काशी को एक नई अर्थव्यवस्था का इंजन बनाया जा सके।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू ये संगमम एक प्रमुख सांस्कृतिक व शैक्षणिक कार्यक्रम बन चुका है। उन्होंने काशी और रामेश्वरम तथा आदि शंकराचार्य द्वारा चारों दिशाओं में बनाए गए पीठों को भी उल्लेखित किया। उन्होंने एक भारत श्रेष्ठ भारत के प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के परिकल्पना को दोहराते हुए प्रधानमंत्री के प्रयासों तथा वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत की मजबूत पहुंच की चर्चा की।

इस आयोजन में तमिलनाडु से लगभग 1,400 प्रतिनिधि सात अलग-अलग समूहों में भाग ले रहे हैं। इनमें विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक, मीडिया प्रतिनिधि, किसान, कारीगर, पेशेवर, महिलाएं एवं आध्यात्मिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हैं। प्रतिभागियों को वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण का अवसर भी मिलेगा। कार्यक्रम के अंतर्गत शैक्षणिक संवाद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, साहित्यिक परिचर्चाएं, हस्तशिल्प एवं हथकरघा प्रदर्शनियां तथा तिरुक्कुरल पर आधारित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!